
होली के दौरान गयी दर्जन भर जान, दस की एक्सीडेंट में मौत तो दो की हुई हत्या। Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिले में इस बार होली के दौरान रंग में भंग हो गया। एक ओर जहां सड़क हादसों में दस लोगों की मौत हो गई। वहीं अलग- अलग घटनाओं में दो लोगों की हत्या कर दी गई। इस दौरान दर्जनों लोग जख्मी हो गए। मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन पर गुरुवार की रात बिठौली चौक के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, दरभंगा-मुजफ्फरपुर फोरलन पर ही शनिवार को शाहपुर के पास ट्रक ने स्थानीय तीन लोगों को रौंद दिया। सभी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं विशनपुर थाना के पास सड़क दुर्घटना में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। शुक्रवार को भटियारीसराय के पास सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि, एक गंभीर है। वहीं एपीएम थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में शुक्रवार को हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं सोनकी ओपी क्षेत्र के जीवछ घाट के पास एक बाइक सवार पुल के नीचे गिरकर गंभीर हो गया। वहीं बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में सड़क दुर्घटना में दो बाइक सवार जख्मी हो गए।
शनिवार को लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मोलागंज में शाम करीब 8 बजे एक चाय की दुकान के पास चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गयी ।मृतक की पहचान भठीयारिसराय निवासी राधाकांत झा के पुत्र सजय कुमार उम्र 20 के रूप में की गई है।बताया जाता है कि संजय 2 फरबरी को जेल से बाहर आया था ।पूछताछ के लिए 3 हिरासत में लिए गए है।

