
चाकू से गोदकर युवक की सरेआम कर दी हत्या। Voice of Darbhanga
दरभंगा: बेंता ओपी क्षेत्र के बीएसएनएल कार्यालय के पास शनिवार की देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने चाकू गोद दिया। युवक के साथ घटनास्थल पर मौजूद उसके साथी ने उसे डीएमसीएच पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसे डीएमसीएच पहुंचाने वाला युवक वहां से फरार हो गया। मृतक की पहचान भठियारीसराय निवासी राधाकांत झा के पुत्र संजय कुमार(18) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि उसके पिता बीएसएनएल कार्यालय में गार्ड की नौकरी करते हैं।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन डीएमसीएच पहुंचे। उसकी मां मंजू देवी ने बताया कि शाम को भठियारीसराय के राहुल व मन्नू नामक दो युवक घर से बुलाकर संजय को अपने साथ ले गए थे। राहुल अपनी अपाची बाइक पर उसे बैठाकर ले गया था। मन्नू दूसरी बाइक पर सवार होकर उनलोगों के साथ गया था।
सदर एसडीपीओ दिलनवाज अहमद ने बताया कि संजय हाल में ही बेल पर जेल से निकला था। जेल में चाकूबाजी व लूटपाट के आरोप में बंद हीरा सहनी के साथ वह जेल गया था। उसकी हत्या को लेकर कई लोगों का नाम सामने आया है। उनलोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। लहेरियासराय थाना की पुलिस ने पूछताछ के लिए भठियारीसराय के अभिमन्यू कुमार, अश्विनी कुमार व सोनू कुमार को हिरासत में लिया है।

