
चाक़ू गोदकर हत्या मामले का पुलिस ने किया उदभेदन का दावा, पाँच गिरफ्तार। Voice of Darbhanga
दरभंगा: शनिवार की देर शाम लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मौलागंज मुहल्ला में चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कांड का उद्भेदन कर लिया है. हत्या में उपयोग किये गये चाकू को पुलिस ने बरामद कर लिया है और इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. वरीय पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक दिलनवाज अहमद के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था, जिसमें लहेरियासराय के थाना अध्यक्ष आर. के. शर्मा सहित कई पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया था. घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार की देर शाम मौलागंज में नगर थाना क्षेत्र के भटियारी सराय निवासी राधा कांत झा के पुत्र संजय कुमार झा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी. जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. दरभंगा पुलिस ने इस मामले को लेकर नामजद 6 अभियुक्तों में से 5 को गिरफ्तार कर लिया है. जिस में मुख्य रुप से न्यू मदारपुर के रहने वाला दिनेश राय का पुत्र चंदन कुमार, सुधीर प्रसाद साह का पुत्र अभिषेक उर्फ रौशन घनश्यामपुर गोडाई का रहने वाला सुरेश यादव का पुत्र प्रिय प्रकाश और मदारपुर का ही रहने वाला रामबाबू साह का पुत्र कुंदन कुमार और रोहित कुमार शामिल है. मामले को लेकर मृतक के भाई रंजीत कुमार झा ने लहेरियासराय थाना में आवेदन देकर 6 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है. घटना के संबंध में लहेरियासराय थाना अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने बताया कि पूर्व में आदित्य और संजय कुमार झा में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था और संजय कुमार ने आदित्य कुमार को चांटा मारा था, जिसका बदला लेने के लिए उसने संजय कुमार झा की हत्या कर दी. घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया गया है. सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. वहीं मृतक के शव को रविवार को पोस्टमार्टम कर उसके परिवार को सौंप दिया गया है.

