
जज के घर तोड़फोड़ मामले में दो हिरासत में। Voice of Darbhang
दरभंगा : चर्चित इंजीनियर हत्याकांड मामले की सुनवाई करने वाले अवर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम रुपेश देव के अधिकारी कॉलोनी स्थित आवास में तोड़फोड़ व चोरी के मामले में लहेरियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस तत्परता दिखाते हुए इस मामले में फिलहाल दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. साथ ही तीन अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. अवर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम श्री देव के प्यून मोतिहारी जिला के पताही थाना क्षेत्र के नोनथरवा गांव निवासी देवकांत तिवारी के पुत्र नीलमणिकांत तिवारी के आवेदन पर लहेरियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम के घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी का प्रयास किया गया था. इस मामले में दो संदिगधों को फिलहाल हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं इस मामले में शक के आधार पर अन्य तीन चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. अनुसंधान कार्य तेज कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि सत्र न्यायाधीश के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
अभियंता हत्या मामले में श्री देव की अदालत ने सजा सुनाने की तिथि सात मार्च तय कर रखी है. इसके मद्देनजर लहेरियासराय में कानून व्यवस्था को लेकर रैप के जवानों से सोमवार से फ्लैग मार्च कराया जा रहा है. मंगलवार को भी शहर के विभिन्न इलाकों में रैफ के जवानों ने फ्लैग मार्च किया. मालूम हो कि इंजीनियर हत्याकांड में संतोष झा व मुकेश पाठक सहित 10 आरोपित को श्री देव की अदालत ने 26 फरवरी को दोषी करार दिया था. मामले में सात मार्च को सजा सुनाई जानी है. सभी आरोपित दरभंगा जेल में बंद हैं. इसे लेकर प्रशासन ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर रखे हैं.

