
अधजली लाश मामले का खुलासा: प्रेमिका के पति ने दोस्तों के संग मिलकर की थी अमन की हत्या। Voice of Darbhanga
दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर देकुली गाछी में 12 फरवरी को श्मशान में पायी गई जमालपुर थाना क्षेत्र के परसरमा गांव निवासी सुरेश प्रसाद सिंह के पुत्र अमन कुमार की अधजली लाश के मामले का खुलासा हो गया है।
कथित प्रेमिका की शादी हो जाने के बाद भी उसे मैसेज करने व उसका वीडियो वायरल करने की धमकी देना अमन को महंगा पड़ा। उसकी हरकतों से तंग आकर पूर्व प्रेमिका के पति ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अमन की हत्या की थी। हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के लिए उसके चेहरे के अलावा शरीर का आधा हिस्सा जला दिया था। अमन की हत्या के आरोप में पुलिस ने बहेड़ी थाना क्षेत्र के दोहट गांव निवासी रमेश मंडल के पुत्र सुनील कुमार, लालो चौपाल के पुत्र विनोद कुमार चौपाल व राम वशिष्ठ सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस नेे घटना में प्रयुक्त सैंट्रो कार, ग्लैमर बाइक, 7.65 एमएम की पिस्टल, दो मैगजीन, पांच गोली, केरोसिन का गैलन, माचिस व शराब की एक बोतल बरामद की है।
गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए दरभंगा पुलिस ने बताया कि शव के तीन दावेदार सामने आए थे। हालांकि, हुलिया व घटनास्थल से बरामद जूते व अन्य साक्ष्यों की मदद से मृतक की शिनाख्त अमन कुमार के रूप में की गई। हत्यारों ने मृतक का मोबाइल फोन ले लिया था। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान अमन के कई दोस्तों से पूछताछ की गई। हालांकि हत्यारों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली। इसी दौरान सूचना मिली कि घटना के दिन अमन ने अपने मोबाइल से पिज्जा का आर्डर दिया था। एक पिज्जा की दुकान के कई कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई नतीजा सामने नहीं आया। इसी दौरान अमन के दोस्त सुनील की भूमिका संदिग्ध होने के सिलसिले में पुलिस को सूचना मिली। उसे बुलाकर पूछताछ की गई, पर वह पुलिस को बरगलाता रहा। जब तकनीकी अनुसंधान के बाद उससे गहरायी से पूछताछ की गई तो उसने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार सुनील ने बताया कि उसने व बहेड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अमन की कथित पूर्व प्रेमिका के पति अमन को बाइक से देकुली ले जाकर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से घटना का टाइमिंग निकाला तो अभियुक्त अमन के साथ सैंट्रो कार में जाते दिखे। इसके बाद सुनील ने पूरी घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पूर्व प्रेमिका का पति उसका मित्र है। उसकी पत्नी से अमन का पूर्व का परिचय था। शादी के बाद भी वह उसको अक्सर तंग करता था।
पिछले जून में ही आज़ाद ने अपने मित्र सुनील को फोन कर सारी बात बतायी और उसे मारने में साथ देने को कहा। अमन को भरोसा में लेने केलिए सुनील ने अपने अमन के फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा और दोस्ती की। फिर प्लान के मुताबिक दरभंगा आया और अमन से मिलकर मेलजोल बढ़ाया। धाक जमाने केलिए किराये का कार लेकर आता था। यह सब पूरा आजाद के प्लान के हिसाब से हो रहा था। घटना की रात देकुली गाछी में लाने के बाद उसे बलराम ने गाड़ी में बेहोशी का इंजेक्शन दिया। फिर सुनील ने पिस्टल सटाया पर मार नही सका। इसके बाद उसे गाड़ी से बाहर खींच कर आजाद और सुनील ने गले को रस्सी से दबा कर उसकी हत्या कर दी। फिर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और वहां से चल पड़ा था।

