
व्यापमं घोटाले की जाँच में सीबीआई अधिकारी पहुँचे दरभंगा मेडिकल कॉलेज! Voice of Darbhanga
दरभंगा: मध्यप्रदेश के बहुचर्चित व्यापमं घोटाले की जांच कर रही सीबीआई के एक अधिकारी ने बुधवार दोपहर बाद दरभंगा मेडिकल कॉलेज पहुंच पूछताछ की थी। सूत्रों के अनुसार सीबीआई के अधिकारी ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आरके सिन्हा से आधा दर्जन छात्रों के सिलसिले में जानकारी मांगी। बताया जाता है कि जिन छात्रों के बारे में जानकारी मांगी गई, वे सभी एमबीबीएस करने के बाद कॉलेज से जा चुके हैं। सीबीआई के अधिकारी ने नाम के अलावा उनलोगों की फोटो व अन्य कागजात भी प्राचार्य का उपलब्ध कराए हैं।
सूत्रों के अनुसार जांच के लिए डॉ. सिन्हा ने एक कमेटी का गठन कर दिया है। कमेटी ने इन लोगों से संबंधित विभिन्न फाइलों को खंगालना शुरू कर दिया है। इससे पूर्व भी सीबीआई की टीम जांच के लिए यहां पहुंच चुकी है। पूर्व में भी कई संदिग्धों के नाम उपलब्ध कराकर सीबीआई ने कॉलेज प्रशासन से उनलोगों के बारे में जानकारी मांगी थी। प्राचार्य की ओर से गठित की गई कमेटी ने दो-तीन छात्रों पर संदेह जाहिर करते हुए रिपोर्ट भेजी थी। गौरतलब है कि व्यापमं घोटाले की आंच देश के कोने-कोने तक पहुंची थी।
वर्ष 2002 से 2012 तक विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में हुए दाखिले से संबंधित फाइलें सीबीआई खंगाल रही है। दरभंगा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आरके सिन्हा ने सीबीआई के एक अधिकारी के आने की पुष्टि की। हालांकि जांच के सिलसिले में उन्होंने कुछ भी बताने से परहेज किया है।

