
गेंहूँ के खेत में बिलखती मिली नन्ही मासूम। Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिले के केंवटी थानाक्षेत्र के खिरमा – बिरखौली मार्ग पर पुल के समीप सड़क के किनारे गेहूं खेत में शुक्रवार की सुबह सात बजे एक मासूम बच्ची के रोने – बिलखने की आवाज सुन राहगीरों के कदम अपने आप थम गए । लोगों ने देखा कि करीब दो से तीन माह की एक मासूम बच्ची खेत में रो रही है। लोगों की भीड़ जुट गई।
सड़क से गुजरने वाले लोगों में तरह – तरह की चर्चाएं होने लगी । कोई पुलिस को बुलाने की बात कहने लगा तो कोई चिकित्सक से दिखाने की बात कहने लगा । तभी बिरखौली गांव निवासी रामईश्वर यादव की पत्नी विमल देवी खिरमा से दूघ बेचकर वापस घर लौट रही थी। विमल ने रोते – बिखलते उक्त बच्ची को वहां से उठाकर अपने घर ले गई । इसकी जानकारी मिलते ही चौकीदार राजकुमार यादव भी वहां पहुंचा और उन्होंने इसकी सूचना थानाध्यक्ष कौशल कुमार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने वहां पहुंचकर उक्त बच्ची को थाने पर लाई। पुलिस ने भी इसकी सूचना चाइल्ड लाइन को दी। सूचना पाकर चाइल्ड लाइन से तीन सदस्यीय टीम केवटी थाने पर पहुंची। इस टीम में टीम सदस्य भावना देवी, एलएस कुमार व ललन कुमार पासवान शामिल थे। भावना देवी के आवेदन पर केवटी थाना में सनहा दर्ज किया गया है। इसके बाद टीम बच्ची को सीडब्लूसी दरभंगा ले गई है। लोगों ने बताया कि मासूम की स्थिति देखने से यह प्रतीक हो रहा था कि किसी मां ने अपने कलेजे के टुकड़े को अहले सुबह लोक लाज के डर से खेत में फेंक दिया होगा ।

