
रेफरल अस्पताल में आग से टीकाकरण यूनिट जलकर राख। Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिले के जाले प्रखंड के स्थानीय रेफरल अस्पताल के किचन में चल रहे टीकाकरण कार्यालय में 10 मार्च की रात लगभग साढ़े बारह बजे अचानक आग लग गई। इस घटना में टीकाकरण यूनिट जल कर राख में तब्दील हो गयी। एक्सरे रूम और एनएचएम कार्यालय को भी इससे क्षति हुई है।
अगलगी की वजह से रविवार को प्रखंड क्षेत्र में पल्स पोलियो टीकाकरण का काम शुरू नहीं हो सका। दरभंगा शहर और सीतामढ़ी के पुपरी से आए फायर बिग्रेड के दमकलों ने आग पर काबू पाया, नहीं तो अस्पताल में बहुत बड़ी क्षति हो जाती।
प्रभारी डॉ. गंगेश झा ने बताया कि उन्हें एक बजे टीकाकरण कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली और उन्होंने इसकी तत्क्षण सूचना अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित सभी वरीय अधिकारियों को दी। रात के लगभग डेढ़ बजे पुपरी से फायर बिग्रेड का एक दमकल पहुंचा और आग पर काबू पाया। हालांकि पौने तीन बजे दरभंगा से भी फायर बिग्रेड का एक दमकल पहुंचा। अस्पताल में तैनात एएनएम शारदा कुमारी और बबिता कुमारी ने आग की लपटें देखी और तुरंत इसकी सूचना प्रभारी को दी। कुछ ही देर में अस्पताल परिसर धुएं से भर गया।

