Home मुख्य बच्चों को नैतिक शिक्षा देना जरूरी: डा0 कौर। Voice of Darbhanga
मुख्य - March 13, 2018

बच्चों को नैतिक शिक्षा देना जरूरी: डा0 कौर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष सुश्री डॉक्टर हरपाल कौर ने कहा है कि छोटे बच्चों को नैतिक शिक्षा देना जरूरी है। बालमन में बचपन से ही जिन चीजों की छाप पड़ती है, उनका असर जीवन पर्यंत बना रहता है। मंगलवार को डा. भीमराव अंबेडकर सभागार में प्रमंडलीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने उपरोक्त बातें कहीं। बैठक में आयोग की सदस्य श्रीमती प्रेमा साह व विजय कुमार रोशन ने भी भाग लिया। बैठक में सबसे पहले जिला पदाधिकारी डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर अध्यक्ष सुश्री डॉ हरपाल कौर का स्वागत किया। दीप प्रज्वलित कर बैठक की शुरूआत हुई। सुश्री कौर ने कहा कि दरभंगा जिला के बच्चों से संबंधित संस्थाओं का उन्होंने निरीक्षण किया है। निरीक्षण के क्रम में कुछ एक सामान्य बातों को छोड़कर शेष व्यवस्था को उन्होंने संतोषजनक पाया। सामान्य त्रुटियों के निराकरण कर लिए जाने का उनको आश्वासन दिया। प्रमंडल के तीनों जिला के उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन आयोग को भेजने का भी निर्देश दिया गया। छोटे-छोटे बच्चों को नैतिक शिक्षा देने की बात उन्होंने की। सुधार गृह में साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी उन्होंने दिया। प्रमंडल के सभी थानों में बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी का नेम प्लेट अथवा दीवार लेखन करवाने का निर्देश दिया गया। निजी विद्यालयों में बीपीएल परिवार के बच्चों का नामांकन 25 फीसद किए जाने का विस्तृत प्रतिवेदन तीनों जिला के जिला शिक्षा पदाधिकारी से मांगा गया। सभी विद्यालयों में एवं स्कूली बसों में सरकारी मापदंड के अनुसार विद्यार्थियों का आवश्यक सुविधा निश्चित रूप से उपलब्ध करवाने का भी सख्त निर्देश दिया गया। आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषक आहार एवं विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं मीनू के अनुसार देने का भी आदेश दिया गया। श्रम अधीक्षक को बाल मजदूरी के विरुद्ध सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन को समय-समय पर स्वयं बाल सुधार गृहों का मानवता के आधार पर भ्रमण करने का निर्देश दिया। बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के विरोध हेतु जनता को सतत जागरूक रखने हेतु आवश्यक कार्यक्रम लगातार चलाए जाते रहने का अनुरोध किया। जिला पदाधिकारी ने उनके निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।

Share

Leave a Reply