
बस स्टैंड गोलीकांड: शक के आधार पर हिरासत में लिए गए सात लोगों से की गयी पूछताछ। Voice of Darbhanga
दरभंगा: सदर थाना क्षेत्र के दिल्ली मोड़ स्थित बस स्टैंड के पास मंगलवार को दो गुटों में हुई हुई फायरिंग में तीन लोगों की मौत के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार पूछताछ के लिए लाल बिहारी यादव के दो बेटे व चालक सहित सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों में लाल बिहारी यादव के चालक बुच्चामन निवासी संजय कुमार के अलावा वहीं के अजीत यादव, लाल बाबू यादव व राजू कुमार शामिल हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए कटहलबाड़ी निवासी विजय कुमार राय को भी हिरासत में लिया है। वहीं लाल बिहारी यादव के अलावा उसके भाई राजेश यादव, मिथिलेश यादव उर्फ बाबा, सर्वेश पासवान, सुनील यादव व रंधीर यादव की गिरफ्तारी के लिए सदर थाना के अलावा बहादुरपुर थाना व मब्बी ओपी की पुलिस ने रात को संयुक्त रूप से उनलोगों के कई ठिकानों पर छापेमारी की। हालांकि वे लोग पुलिस के हाथ नहीं आए। बुच्चामन के अलावा पुलिस ने कमतौल और मधुबनी में भी उनलोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। उनलोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की पुष्टि सदर एसडीपीओ दिलनवाज अहमद ने की। गोली लगने से निजी अस्पताल में भर्ती
केवटी थाना क्षेत्र के बगढ़िहा निवासी संजय यादव की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस को दिए गए बयान में मृतक के भतीजे ने दावा किया है कि संजय यादव उनलोगों के साथ दिल्ली मोड़ स्थित कैनरा बैंक में खाता खुलवाने आया था। लौटने के दौरान वह घटनास्थल पर रंगदारों की गोली का शिकार हो गया। मामले से संजय यादव का कनेक्शन था या नहीं, इसे सुनिश्चित करने के लिए पुलिस उसका मोबाइल फोन खंगाल रही है। सदर एसडीपीओ ने सदर थाना पहुंचकर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की।

