
मब्बी में खेत में मिली अज्ञात मृत महिला की हुई पहचान, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप। Voice of Darbhanga
दरभंगा: गत 26 फरवरी को मब्बी ओपी अंतर्गत मुख्य सड़क से के नीचे मब्बी बेलौना में सरसों के खेत में मृत मिली महिला की पहचान हो गयी है। मृत महिला की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी स्व0 सत्यनारायण सहनी की 22 वर्षीय पुत्री रूपा कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब एक वर्ष पूर्व मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना के काँटा गाँव निवासी लालबाबू सहनी के पुत्र अंकित कुमार सहनी से हुई थी।
शुक्रवार को सदर डीएसपी कार्यालय पहुँचे उक्त मृतका की माँ निर्मला देवी ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि ससुराल वालों से दहेज़ में कमी को लेकर अनबन थी और उन्हें उनकी पुत्री से बात भी नही करने दिया जाता था। पुत्री के गायब होने पर भी उन्हें कोई सूचना नही दी गयी। मृतका के चाचा ने बताया कि सोशल मीडिया में किसी ने देखकर सूचना दी तो पता चला।

