
कार्यकर्त्ता के परिवार पर हमला होने पर पार्टी नेताओं का खून खौलना वाजिब: अमरनाथ गामी। Voice of Darbhanga
दरभंगा: सदर प्रखंड के बलहा गांव में दुकान पर हमला कर भाजपा पंचायत अध्यक्ष तेज नारायण यादव के पिता रामचंद्र यादव की हत्या एवं भाई कमलदेव यादव को हथियार से हमला कर घायल करने की खबर सुनकर पटना से दरभंगा पहुँचे हायाघाट के जदयू विधायक सह प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति के सभापति अमरनाथ गामी ने डीएमसीएच जाकर घायल का हाल जाना तथा वरीय अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को अविलम्ब गिरफ्तार करने की मांग की।
अपने फेसबुक पर पोस्ट इस सूचना पर पूछे गए सवाल कि भाजपा का सड़क जाम एवं प्रदर्शन किसके खिलाफ था जबकि राज्य से लेकर केंद्र तक उनकी सरकार है, का जवाब उन्होंने सधे हुए अंदाज में देते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के आक्रोश को उचित ठहराया। उन्होंने कहा कि जो घटना घटी है निंदनीय है। पार्टी के पंचायत अध्यक्ष के परिवार पर हमला हुआ है तो पार्टी का धर्म बनता है उसके पक्ष में सहानुभूति रखे। हत्या के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन से अपराधी को पकड़ने का प्रशासन पर दबाब रहता है। निश्चित रूप से सरकारी दल हो या विरोधी दल, हत्या की स्थिति में उनके कार्यकर्त्ता का खून खौलना वाजिब है। प्रशासन को चाहिए कि जल्द से जल्द दोषी पर कारवाई करे। हत्या हुई है, घायल हुआ है। निश्चित रूप से इस घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिये। हम सभी को इस घटना की निंदा करते हुए दोषी को सख्त करवाई की मांग करना चाहिए।
हलाँकि अपनी बेबाक टिप्पणी केलिए जाने जाने वाले श्री गामी भाजपा जिलाध्यक्ष हरी सहनी द्वारा मोदी चौक का मुद्दा हत्या का कारण बताते हुए दिए गए समुदाय विशेष को आरोपित करते बयान और सुशील मोदी द्वारा इसे खारिज करते हुए इसे जमीनी विवाद का मुद्दा बताने के विषय पर पूछे गए प्रतिक्रिया को टाल गये। बस इतना ही कहा कि दूसरे के बयान पर भला वे टिपण्णी कैसे कर सकते हैं।

