Home मुख्य भाजपा नेता की हत्या को डायवर्ट कर रही है पुलिस : गिरीराज। Voice of Darbhanga
मुख्य - March 17, 2018

भाजपा नेता की हत्या को डायवर्ट कर रही है पुलिस : गिरीराज। Voice of Darbhanga

दरभंगा : सदर थाना के बलहा पंचायत के भदवा गांव पहुंच कर केन्द्रीय मंत्री गिरीराज सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने पीड़ित के परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात करने के बाद कहा कि इस जघन्य मामले को डायवर्ट करने के लिए जिला प्रशासन ने प्रयास किया है. मंत्री ने मृतक के पत्नी से रात में जाकर बयान लेकर प्राथमिकी दर्ज करने पर भी प्रश्न खड़ा किया है और कहा है कि घायल डीएमसीएच में जीवन और मौत से जुझ रहे हैं. पहले पुलिस को वहां जाकर बयान लेना चाहिए, लेकिन पुलिस रात में आकर मृतक के पत्नी का बयान लेकर प्राथमिकी दर्ज किया. जबकि उस समय मृतक की पत्नी की मनोदशा ठीक नहीं थी. वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि घटना पूरी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से बनाये गये चौक को लेकर ही हुआ है. पहले भी मृतक पर चौक का नाम हटाने का दबाव बनाया गया था. मारपीट भी हुई थी. हत्या की घटना से दो घंटा पहले भी मारपीट की घटना घटी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि एसएसपी और डीएसपी ने साजिश के तहत मामले को गलत दिशा देने का प्रयास किया है, जो कि पूरी तरह निराधार है. उन्होंने कहा कि हमलोग अपना प्रतिवेदन सरकार को सौंपेगे और पुलिस प्रशासन पर कारवाई की मांग करेंगे. यह पूछे जाने पर कि आप कह रहे हैं कि पुलिस प्रशासन मामले को गलत दिशा दे रहा है, ऐसे में न्याय मिल पाएगा? जवाब में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निश्चित रूप से पीड़ित को न्याय मिलेगा. भाजपा नेता के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष गोपालजी ठाकुर, प्रदेश के अन्य कई नेता के अलावे बड़ी संख्या में भाजपाइयों का हुजूम वहां पहुंचा था. गांव पहुंचने से पहले फोरलेन पर भाजपा नेता व पूर्व विधायक अशोक यादव के पेट्रोल पम्प पर भाजपाई जुटे और वहां से भाजपाइयों का हुजूम भदवा गांव पहुंचा.

Share

Leave a Reply