
कोताही बरतने वाले लोक प्राधिकारों पर अर्थदंड के साथ साथ प्रशासनिक कारवाई शुरू। Voice of Darbhanga

दरभंगा : लोक शिकायत के परिवाद पत्र पर कारवाई करने में लापरवाही बरतने के आरोप में जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पश्चिमी कोशी नहर झंझारपुर के कार्यपालक अभियंता के विरूद्ध कारणपृच्छा जारी करने का आदेश दिया है. वे सुनवाई के दौरान भी अनुपस्थित थे. जिलाधिकारी ने सभी लोक प्राधिकारों को शिकायत के निष्पादन हेतु तत्परता दिखाने का निर्देश दिया है. साथ ही कार्य संस्कृति विकसित करने का निर्णय दिया है. जिलाधिकारी ने कहा कि लोक शिकायत मामले में किसी तरह की कोताही बरतने वो लोक प्राधिकारों के विरूद्ध अर्थदंड लगाने के साथ-साथ प्रशासनिक कारवाई करना प्रारंभ कर दिया गया है. जिलाधिकारी समाहरणालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर रहे थे. आरटीपीएस मामले में विलंब के कारण जिन पदाधिकारियों पर अर्थदंड लगाया गया था और वे लोग राशि जमा नहीं किये हैं. वैसे अधिकारियों के वेतन निकासी पर रोक लगाने का आदेश दिया है. बैठक में जानकारी दी गई कि जनवरी 2018 से अबतक 31 पंचायत बाहर में शौच से मुक्त किये जा चुके हैं. बैठक में अपर समाहर्ता मो. मोबीन अली अंसारी, उपविकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.

