
देर रात जेल में सिपाहियों ने जेल अधीक्षक एवं उपाधीक्षक के साथ की मारपीट! Voice of Darbhanga
दरभंगा: दरभंगा मण्डल कारा में कैदियों के बीच एवं कैदियों तथा सिपाहियों के बीच भी मारपीट की खबर आती रहती है। परंतु शुक्रवार देर रात जेल के सिपाहियों द्वारा ही जेल अधीक्षक एवं उपाधीक्षक के साथ मारपीट की खबर सूत्रों से प्राप्त हुई। इसपर जब एक मीडिया कर्मी ने जेल अधीक्षक से बात की तो बताया गया कि गत बीस मार्च को कैदी द्वारा फिनाइल पी लेने के मामले में एक सिपाही को निलंबित किया गया था। इस मामले को लेकर कुछ सिपाही देर रात जेल अधीक्षक के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। रोकने एवं बात करने के प्रयास पर अधीक्षक एवं उपाधीक्षक के साथ धक्कामुक्की भी की गयी। इस मामले में पुनः आज एक सिपाही अमरेंद्र कुमार राय को निलंबित किया गया है। इसके संबंध में एक आवेदन जिलाधिकारी को भी दिए जाने की बात जेल अधीक्षक द्वारा बतायी गयी है।
इस पूरे मामले में अधिकारिक तौर भले ही धक्का मुक्की की बात स्वीकार की गयी हो। पर नाम न बताने की शर्त पर जेल में कार्यरत एक कर्मी द्वारा अच्छी खासी मारपीट की बात कही गयी है। जेल के अंदर आसानी से मीडिया सूत्र भी नही पहुँच सकते, इसलिए अधिकारिक जानकारी भले खबर बने। परंतु जेल में आये दिन रंगदारी एवं मारपीट की घटनाएं किसी से छिपी नही है। कहीं न कहीं रंगदारी की मांग और उसमें छिपा कमीशन घटनाओं की जड़ में होने की संभावना से इंकार नही किया जा सकता। परंतु किसी भी संभावनाओं और कयासों का सत्य किसी निष्पक्ष जांच एजेंसी के ही जांच से ही सामने आने की उम्मीद की जा सकती है।

