
जदयू विधायक ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष के सामने भदवा काण्ड के पीड़ित भाजपा नेता को चेक सौंपा। Voice of Darbhanga
दरभंगा: शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हायाघाट जदयू विधायक सह बिहार विधानसभा प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति के सभापति अमरनाथ गामी ने सदर प्रखण्ड में भदवा गाँव जाकर मृतक रामचंद्र यादव के पुत्र भाजपा नेता तेज नारायण यादव को तीस हजार की सहायता राशि का चेक सौंपा। उनके साथ गये भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक नायक भी इस सहायता के प्रत्यक्ष गवाह बने। पीड़ित तेज नारायण यादव भाजपा के पंचायत अध्यक्ष हैं और घटना के बाद भाजपा के जिला के तमाम नेताओं के साथ विधायक, प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री तक पहुँचे थे। तमाम भाजपा के नीचे से ऊपर तक के नेताओ ने पहुँच कर पीड़ित का हाल जाना और मीडिया में जोरशोर से बयान भी दिए। परंतु मृतक को शहीद का दर्जा देने की बात बोलने वाले नेतागणों ने न ही कोई आर्थिक सहायता दी और न ही मृतक के अंतिम संस्कार तक में गये।
ऐसे में विधानसभा सत्र के बीच में पटना से आकर श्री गामी भाजपा नेता के घायल भाई से डीएमसीएच में जाकर मिले। साथ ही मानवता दिखाते हुए परिवार की सहायता हेतु अपने एक माह में मूल वेतन तीस हजार रूपये देने की घोषणा भी की थी।
शुक्रवार की शाम पटना से दरभंगा पहुँचे श्री गामी जब पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उक्त गाँव केलिए निकले तो उनके साथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक नायक भी
साथ हो लिए। श्री नायक भी कार्यकर्त्ता के दर्द को समझने वाले जदयू विधायक के इस कदम से काफी प्रसन्न नजर आ रहे थे।निश्चित रूप से अपने दलों के नेताओं की केवल दलीलों का उन्हें मलाल इस मौके लगने की उम्मीद की जा सकती है।
श्री गामी के साथ इस दौरान सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी गंगा सागर सिंह, सदर थानाध्यक्ष रवि शंकर प्रसाद, पप्पू सिंह, पिंटू लालदेव एवं श्याम ठाकुर आदि भी मौजूद थे।

