Home मुख्य आरपार की लड़ाई के मूड में आ रहे हैं हड़ताली संविदाकर्मी। Voice of Darbhanga
मुख्य - March 27, 2018

आरपार की लड़ाई के मूड में आ रहे हैं हड़ताली संविदाकर्मी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: संविदा पर बहाल कार्यपालक सहायकों एवं ग्रामीण आवास कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। एक जैसी मांगों को लेकर अलग-अलग हड़ताल कर रहे सहायकों एवं कर्मियों से धरना स्थल पर दिन भर चहल पहल बनी रही। दूसरे दिन भी कोई मजिस्ट्रेट नियुक्त नही दिखे और न ही वार्ता केलिए किसी पदाधिकारी ने पहल की। इससे आक्रोशित हड़ताली सहायकों ने अब आरपार की लड़ाई का मूड बना लिया है। इनके जोश में कोई कमी नही दिखी। कार्यपालक सहायको का नेतृत्व करते हुए बिहार राज्य कार्यपालक सहायक संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि सरकार अपनी हठधर्मिता छोड़े और कार्यपालक सहायकों की जायज मांगों को पूरा करने की घोषणा करे नहीं तो अनिश्चितकाल तक हड़ताल जारी रहेगी। राज्य ग्रामीण अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के बैनर तले हड़ताल कर रहे ग्रामीण आवास कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए। शाम को कर्मियों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्ती लेकर विरोध मार्च निकाला। राज्य ग्रामीण आवास कर्मी संघ के जिलाध्यक्ष राहुल कुमार पासवान ने विरोध मार्च का नेतृत्व किया। विरोध मार्च धरना स्थल से समाहरणालय होते हुए लहेरियासराय टावर तक गया। फिर वहां अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पोलो मैदान पहुंचकर सभा की। मौके पर राहुल पासवान ने कहा कि नियोजन के समय से अब तक सरकार की सभी योजनाओं को सफल बनाने के लिए हम लोगों ने कार्य किया है। फिर भी हम लोगों को जो हक मिलना चाहिए सरकार उससे वंचित किए हुए है। हम लोगों के वेतन का सरकार अविलंब निर्धारण करें और सेवा अवधि का विस्तार करें। सरकार आवास कर्मियों की सेवा पुस्तिका का संधारण और सेवा शर्त नियमावली का निर्धारण करें एवं कर्मियों को पहचान पत्र निर्गत करें। इस अवसर पर बज्रमोहन, नेमतुल्लाह, आलोक रंजन, कैलाश कुमार, मनोज शाह, राजेश मुखिया आदि ने सभा को संबोधित किया।

Share

Leave a Reply