Home मुख्य संपत्ति केलिए बेटे-बहू ने कर दी वृद्धा की हत्या, लाश शौचालय की टँकी में छुपाया। Voice of Darbhanga
मुख्य - March 30, 2018

संपत्ति केलिए बेटे-बहू ने कर दी वृद्धा की हत्या, लाश शौचालय की टँकी में छुपाया। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिस मां ने जन्म दिया हो उसे ही जल्लाद बेटे ने पत्नी के साथ मिलकर मां की हत्या कर दी और उसका शव को शौचालय में डाल दिया। इसकी जानकारी लोगों को तब मिली जब लोगों ने शौचालय की टंकी पर नया प्लास्टर लगा देखा।

नगर थाने के रतनोपट्टी मोहल्ले में बेटा-पतोहू ने संपत्ति विवाद में मां की हत्या कर दी और शव को शौचालय की टंकी में छुपा दिया। घटना के बाद से बेटा-पतोहू फरार है। शुक्रवार की सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

डीएसपी दिलनवाज अहमद ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद कहा कि संपत्ति विवाद में हत्या करने की बात सामने आ रही है। मामले की छानबीन चल रही है।

जानकारी के अनुसार, स्व. नारायण साह की पत्नी मालती देवी (65) अपने पुत्र सूर्यनारायण साह उर्फ छोटन, पतोहू एवं पोता-पोती के साथ रतनोपट्टी मोहल्ले में रहती थी। छोटन गांजा के कारोबार के आरोप में जेल में बंद था। 2004 में जब दरभंगा मंडल कारा में बाढ़ का पानी घुसा तो कई कैदी जेल से फरार हो गए।

उसी समय छोटन भी जेल से फरार हो गया, तब से वह फरार चल रहा था। बीच-बीच में घर आता-जाता रहता था। कुछ दिनों पूर्व मालती देवी ने एक जमीन की बिक्री 12 लाख रुपये में की थी। इसमें दस लाख रुपये छोटन ले लिया।

अब बचे हुए दो लाख रुपये देने के लिए मां पर दबाव बना रहा था। इसके अलावा पैतृक घर को बेचने के लिए भी कह रहा था। मां ने जब रुपये देने असमर्थता जताई तो बुधवार को उसने पत्नी के साथ मिलकर चाकू एवं अन्य धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी। शव को शौचालय की टंकी में छुपा दिया।

इधर, मोहल्ले के लोगों को छोटन ने कहा कि उसकी मां अचानक लापता हो गई है। अगले दिन घर में ताला बंद कर छोटन अपनी पत्नी एवं दोनों बच्चों संग फरार हो गया। इस बीच मोहल्ले के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई तो गुरुवार की रात में छोटन के घर का ताला तोड़कर देखा गया।

शौचालय की टंकी के पास बोरा हटाकर देखने पर नया प्लास्टर दिखा। स्लैब को हटाकर देखने पर मालती देवी का शव मिला। शरीर पर कई जगहों पर धारदार हथियार से प्रहार का जख्म दिखा। पुलिस को सूचना दी गई। सुबह में डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया।

बताते हैं कि छोटन ने नेपाल में शादी की थी। उसकी इच्छा थी कि दरभंगा की परिसंपत्ति बेचकर नेपाल में बस जाए। इसके लिए वह लगातार मां पर दबाव बना रहा था। पैतृक घर की बिक्री कराने में जब उसे कामयाबी नहीं मिली तो मां की हत्या कर दी।

Share

Leave a Reply