Home मुख्य युवक के मौत की जांच में लापरवाही से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा। Voice of Darbhanga
मुख्य - March 31, 2018

युवक के मौत की जांच में लापरवाही से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सदर प्रखंड की कबीरचक पंचायत के पूर्व मुखिया जयकृष्ण यादव के पुत्र शंकर यादव की मौत की जांच में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों की संख्या में पुरुष व महिलाओं ने शनिवार को दोनार-बेनीपुर सड़क को गंज चौक के पास जाम कर दिया।

हाथ में बांस-बल्ला व झाड़ू लेकर लोग पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। सड़क के बीचोबीच टायर जलाकर लोगों ने इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। जाम करने वालों ने वहां पहुंचे बहादुरपुर थानाध्यक्ष राज नारायण सिंह पर हमला कर दिया। हालांकि बीच बचाव कर कुछ लोगों ने उन्हें भीड़ की गिरफ्त से बाहर निकाला।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस के अलावा दंगा नियंत्रण बल को वहां भेजा गया। एसडीओ व बीडीओ से वार्ता के बावजूद लोग जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। इसे देखते हुए मोबाइल पर उनकी बात एसएसपी से कराई गई। लोगों ने दोषियों को बचाने का आरोप लगाया।

एसएसपी ने उनलोगों को आश्वासन दिया कि मामले में गिरफ्तार मो. शौकत को रिमांड पर लेकर उससे दोबारा पूछताछ की जाएगी। शंकर यादव की मौत की गुत्थी सुलझाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। वे स्वयं जांच की मॉनिटरिंग करेंगे। एसएसपी के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया। हालांकि दो घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

Share

Leave a Reply