Home मुख्य मारधार एवं एक्शन से भरपूर रहा बन्द, बुजुर्ग-छात्र एवं बीमार तक नही गया बख्शा। Voice of Darbhanga
मुख्य - April 2, 2018

मारधार एवं एक्शन से भरपूर रहा बन्द, बुजुर्ग-छात्र एवं बीमार तक नही गया बख्शा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एससी एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में भारत बंद का जिले में व्यापक असर दिखा। बंद समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। बवाल काटे। बंद के दौरान पथराव, तोड़फोड़ व आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया। बंद से आमजन जीवन अस्तव्यस्त रहा। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभिन्न संगठनों के बंद समर्थकों ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूरी शक्ति लगा दी। सुबह से ही नारेबाजी कर चौक-चौराहा को जाम कर आवगमन को ठप कर दिया गया। रेल व सड़क यातायात पूरी तरह से बाधित रही। दिन के दो बजे के बाद ट्रेनों का परिचालन हुआ। जबकि, शहर के विभिन्न चौक-चौराहा से तीन बजे के बाद जाम हटा। तब जाकर आवागमन शुरू हुआ। बंद को सफल बनाने के लिए कई जगहों पर समर्थकों व आम जनों के बीच मारपीट हो गई। दरभंगा टावर स्थित फल मंडी में बंद समर्थकों ने उत्पात मचाया। इसका विरोध फल विक्रेताओं ने किया। दोनों ओर से हुई मारपीट में आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। इसमें एक गंभीर को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि काफी संख्या में समर्थक दरभंगा टावर की ओर से दुकान बंद कराते हुए फल मंडी की ओर बढ़े। लेकिन, फल मंडी के दुकानदार दुकानें बंद करने को तैयार नहीं हुए। इसी बीच किसी ने पत्थर चला दिया। हालांकि, पत्थर कौन चलाया यह कोई देख नहीं पाया। हालांकि, दोनों ओर से एक दूसरे पर पत्थर चलाने का ओराप लगाया गया। देखते ही देखते मंडी रणक्षेत्र बन गई। दुकानदार के सर फटने से स्थानीय लोग उग्र हो गए और आंदोलनकारियों को खदेड़ दिया। हांलांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में कर लिया। मामले को लेकर दुकानदार संजय प्रसाद ने अज्ञात के खिलाफ दुकान को तोड़-फोड़ करने, फल को क्षति पहुंचाने व गल्ला से रुपये लूटने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर, आंदलोनकारी की ओर से रत्नोपट्टी निवासी सुरेश पासवान ने अज्ञात लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करया है। कहा कि शांति पूर्ण ढंग से बंद के समर्थन में रास्ता से गुजर रहे थे। इसी बीच अल्लुआ गद्दी के पास अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इसमें उनके साथ कई चोटिल हो गए। इधर, लहेरियासराय स्थित चट्टी चौक पर एक कोल्ड ड्रिंक्स की दुकान पर तोड़फोड़ की। वहीं पंडासराय के पास जाम का विरोध कर गुजर रहे छात्रों के साथ मारपीट की गई। वहीं लहेरियासराय टावर स्थित वैष्णव भोजनालय होटल का बोर्ड व लाइट तोड़ डाला गया। आंदोलनकारी बांस-बल्ला लाठी चलाकर दुकान का काफी क्षति कर दिया। इधर, कर्पूरी चौक पर शाम के तीन बजे तक आंदोलनकारी डटे रहे। चारो तरफ बांस-बल्ला व केबल पाइप लगाकर सड़क को जाम कर दिया गया था। भूल से भी अगर कोई राहगीर बाइक व साइकिल से गुजरने की कोशिश कर रहे थे तो उनपर आंदोलनकारी टूट पड़ते थे। आक्रोश को देख पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। बंदी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर अस्पताल जाने वाले रोगियों व परीक्षार्थियों को काफी परेशानियों से जुझना पड़ा। बंदी के कारण बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। अधिकांश दुकानें बंद थी। हालांकि, दोपहर बाद स्थिति सामान्य होने लगी। दुकानें खुल गई और सड़क पर चहल-पहल शुरू हो गई।

Share

Leave a Reply