
नाबालिग बच्ची की गला रेत कर निर्मम हत्या, खेत में मिला शव। Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिले के कुशेश्वरस्थान थाने के मैंठा गांव के अरुण राम की 11 वर्षीया बेटी अंशु कुमारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह सोमवार की शाम सात बजे से गेहूं खेत से लापता थी। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
डीएसपी सुरेश कुमार ने कहा कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। प्रथमदृष्टया बच्ची के साथ दुष्कर्म की बात सामने नहीं आई है। शरीर पर कहीं जख्म का निशान नहीं है। लेकिन इससे इनकार भी नहीं किया जा सकता है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंशु सोमवार की शाम अपने दादा राजो राम एवं परिवार के अन्य लोगों के साथ खेत गई थी। वहां थ्रेसर से गेहूं की दौनी हो रही थी। वह बगल के खेत में शौच करने के लिए चली गई। करीब आधे घंटे तक नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोज की। लेकिन वह कहीं नहीं मिली।
परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस एवं ग्रामीणों को दी गई। सूचना मिलते ही डीएसपी सुरेश कुमार व कुशेश्वरस्थान थाना अध्यक्ष राशिद परवेज ने पुलिस व ग्रामीणों के साथ रात भर उसकी खोजबीन की। लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चला।
मंगलवार को दिन के 11 बजे परिजनों ने मकई खेत के मेड़ पर उसकी लाश पाई गई। उसका गला रेता हुआ था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। डीएसपी व थाना अध्यक्ष ने घटनास्थल पर जाकर मामले की छानबीन की। घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में उपयोग किए गए चाकू को बरामद किया। वहां जमीन पर खून के धब्बे भी मिले।
डीएसपी ने बताया कि फॉरेंसिक जांच के लिए स्पेशल टीम को बुलाया गया है। जल्द ही इस घटना का उद्भेदन कर अपराधी को गिरफतार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोगाें का हुजुम उमड़ पड़ा। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया है।

