
ठप्प पड़े हैं जिला के अधिकांश एटीएम, ब्रांचों में भी नगद की किल्लत। Voice of Darbhanga
दरभंगा: एनीटाइम मनी देने वाला एटीएम पूरे जिले में दो दिनों से ठप पड़ा है. शनिवार को तो करीब-करीब सभी एटीएम के सामने लिंके फेल होने या मशीन खराब होने का बोर्ड लगा हुआ था. वहीं ज्यादातर बैंकों में भी पैसों की काफी किल्लत देखी गई. ग्रामीण क्षेत्रों की बात तो दूर लहेरियासराय स्थित स्टेट बैंक की शाखा से भी 10 हजार रूपये से ज्यादा की निकासी नहीं हो रही थी. दिन भर लोग एक एटीएम से दूसरे एटीएम की दौर लगा रहे थे. शहर के लगभग सभी एटीएम का यही हाल था. भठियारीसराय स्थित स्टेट बैंक के एक एटीएम पर सैकड़ों की लम्बी कतार लगी हुई थी. जहां लोग यह इंतजार कर रहे थे कि कोई व्यक्ति आकर पैसा जमा कराये, ताकि उन्हें पैसे की निकासी हो सके. वहीं विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले कई दिनों से जिले में रिजर्व बैंक से पैसा नहीं आ रहा है. वहीं बैंकों में जितने पैसे थे उसकी या तो निकासी हो चुकी है या फिर एटीएम के द्वारा पैसे निकाल लिये गये. वहीं बैंकों में पैसा जमा करने की रफ्तार काफी सुस्त बतायी जा रही है.

