
होमगार्ड जवान के हत्या का मुख्य आरोपी प्रेमिका संग धराया। Voice of Darbhanga

दरभंगा: करीब चार महीने पहले14 दिसम्बर को केवटी थाना क्षेत्र के कयामचक में गोली मारकर होम गार्ड जवान कैलाश यादव की हत्या के मामले में आरोपित सुधीर यादव को पुलिस ने नाटकीय ढंग से शुक्रवार को पटना में गिरफ्तार कर लिया। उसकी माशूका भी पुलिस के हत्थे चढ़ गई। मामले के दो आरोपित मोहन यादव व धर्मेन्द्र यादव पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। सुधीर की पुलिस को सरगर्मी से तलाश थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सुधीर यादव पटना में छिपा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम को वहां भेजा गया था। टीम में केेेवटी थाना की महिला पुलिसकर्मी रेखा कुमारी शामिल थी। पुलिस को पता चला था कि सुधीर पेशे से पेंटर है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया। पेंटिंग का काम होने की बात कहते हुए महिला पुलिस कर्मी ने फोन कर सुधीर को बुलाया। सुधीर बताए गए जगह पर किरण देवी के साथ पहुंचा। दोनों पर नजर पड़ते पुलिस ने उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया।
यह जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ दिलनवाज अहमद ने बताया कि कैलाश यादव की हत्या को लेकर उसके परिजनों ने चार पड़ोसियों को नामजद किया था। उनलोगों से पूछताछ के दौरान घटना में उनकी संलिप्तता प्रतीत नहीं हुई। इस वजह से उनलोगों को गिरफ्तार नहीं किया गया। इसी बीच एक अपराधी ने गुप्त सूचना दी कि कयामचक का मोहन यादव उसके पास कैलाश यादव की हत्या करने को 50 हजारी की सुपारी देने आया था। इसी सूचना पर मोहन यादव को गिरफ्तार किया गया था। मोहन यादव ने इसे स्वीकारते हुए कैलाश की हत्या में कयामचक के धमेन्द्र यादव के अलावा सुधीर यादव के शामिल होने की बात बतायी थी। उसके बयान के आधार पर धमेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया था पर सुधीर फरार हो गया था।
एसडीपीओ ने बताया कि सुधीर यादव का तीन बच्चों की मां के साथ चक्कर चल रहा था। वह महिला को लेकर फरार हो गया था। गांव लौटने पर उसके खिलाफ पंचायत बैठायी गई थी। होम गार्ड जवान कैलाश यादव मुख्य पंच था।
पंचायत में सुधीर यादव पर जुर्माना लगाया गया था। बाद में सुधीर दोबारा उसको लेकर फरार हो गया। इसे देखते हुए पंचायत में कैलाश यादव ने उसके खिलाफ गांव निकाला का आदेश जारी कर दिया। इसके बाद सुधीर यादव ने उसकी हत्या करने की योजना बनायी। धमेन्द्र यादव ने उसे पिस्टल उपलब्ध करायी। उसके बाद कयामचक में सुधीर, मोहन व धमेन्द्र यादव ने मौका पाकर कैलाश यादव की हत्या कर दी थी। वहीं दूसरी ओर महिला ने कैलाश यादव पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

