
मन्दिर परिसर से अज्ञात महिला का शव बरामद। Voice of Darbhanga

दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के चट्टी चौक दुर्गा मंदिर परिसर से एक अज्ञात महिला का शव मिलने पर लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ में मौजूद लोग अलग-अलग बात करने लगे। मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। उसके शव के पास एक बैग भी था। जिसमें कपड़ा के अलावा एक एक्स रे प्लेट था। एक्स रे प्लेट बेतिया के लैब का था। वहीं मरीज के नाम की जगह ममता देवी लिखा हुआ था। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ दिलनवाज अहमद वहां पहुंच गए।
उन्होंने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजने का निर्देश लहेरियासराय थाना को दिया। इस संबंध में मंदिर के पुजारी ललित मोहन झा ने बताया कि मृतका रविवार की दोपहर एक युवक के साथ परिसर में आयी थी।
महिला का स्वास्थ्य ठीक नहीं लग रहा था। युवक ने महिला के सिर के बाल को भी धोया था। कुछ देर बाद वह यह कहकर गया कि अपने परिजन को लेकर आते हैं। हलांकि वह शाम तक नही आया। उसके जाने के कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई।

