
आयोग के निरीक्षण में अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रावास की हालत मिली बदतर। Voice of Darbhanga

दरभंगा : राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग नई दिल्ली के सदस्य डॉ. योगेन्द्र पासवान ने शुक्रवार को दरभंगा में अवस्थित अनूसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावास का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद समाहरणालय सभागार में में समीक्षा बैठक की. बैठक में उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि छात्रावासों के भवनों की स्थिति जर्जर है और शौचालय का स्थिति भी बदतर है. उन्होंने भवन एवं शौचालय की मरम्मति एवं साफ-सफाई अविलंब कराने का निर्देश दिया. डॉ. पासवान ने अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पुलिस विभाग में दर्ज मामले एवं उसके निष्पादन और मुआवजा देने की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी वरीय पुलिस अधीक्षक से ली और संबंधित विभाग के अधिकारियों को चेतावनी लहजे में कहा कि भविष्य में होने वाली बैठक में सभी अद्यतन जानकारी एवं सकारात्मक प्रगति का प्रतिवेदन लेकर आवें. उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के कल्याण हेतु अनैकों योजनाएं चलाई जा रही है और उन्हीं योजनाओं का कार्यान्वयन का अनुश्रवण करने के लिए यहां आये हुए हैं. बैठक में अपर समाहर्ता सह प्रभारी जिलाधिकारी मो. मोबीन अली अंसारी, प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक तौहीद परवेज, उप विकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुमन, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे.

