Home मुख्य चोरो के लगातार जारी तांडव के सामने बेबस नजर आ रही है घनश्यामपुर थाना की पुलिस। Voice of Darbhanga
मुख्य - April 15, 2018

चोरो के लगातार जारी तांडव के सामने बेबस नजर आ रही है घनश्यामपुर थाना की पुलिस। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में संगठित अज्ञात चोर गिरोह का तांडव जारी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाऐं रूकने का नाम नहीं ले रही और पुलिस चोरो के सामने बेबस नजर आ रही है। पुलिसिया कार्रवाई तथा चौकसी को धत्ता बताते हुए चोर गिरोह ने एक बार फिर 14 अप्रेल की रात पाली गांव में दो घरों को अपना निशाना बनाया। कमरे, अटैची, बक्सा, आलमीरा के लॉकर को तोड़कर लगभग सात लाख रूपये मूल्य के कीमती सोने- चांदी के जेवरात सहित 95 हजार नगद व घरेलू सामान पर हाथ साफ किया। घटना को इस बेखौफ अंदाज से अंजाम दिया गया कि बगल के कमरे में सोये लोगों को चोरी की जानकारी सुबह गहरी नींद से जागने पर हुई।
प्राप्त सूचना के मुताबिक पाली पुरबारी टोला के बोकारो स्टील प्लांट के रिटायर अधिकारी देवचंद्र झा पत्नी के निधन के बाद से गांव से बाहर हैं। इनके तीनों अभियंता पुत्र सपरिवार मुंबई में रहते हैं। इनके छोटे भाई सूर्यचंद्र झा नौकरी से रिटायर होने के बाद आंगन में पूरब से बने मकान में पत्नी सहित अपने घर में सोये थे। इनके दो पुत्र भी सपरिवार गांव से बाहर रहते हैं। बताया जाता है कि मेन गेट तथा कमरे का ताला तोड़कर चोर घर के अंदर घुसे। जहां तीन अटैची तथा एक बक्सा एवं एक आलमीरा के लॉकर को तोड़कर लगभग सात लाख रुपये मूल्य के कीमती सोने-चांदी के जेवरात तथा 95 हजार रुपए नगद की चोरी कर ली। एक बक्सा चोर उठा ले गये। दूसरे बक्सा को तोड़ने के बाद कीमती सामान निकालकर बगल के खेत में छोड़ दिया।
पीड़ित गृहस्वामी के अनुज सूर्यचंद्र झा ने बताया कि उनके घर के ग्रिल का ताला को भी तोड़ा गया। ग्रिल से आवाज आने पर उनकी पत्नी जग गयी और चोर उनके घर में नहीं घुस सके। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई के घर में पोते की जनेऊ की तैयारी चल रही है। 26 अप्रेल को जनेऊ की तिथि निर्धारित है तथा दो-तीन दिनों में सभी घर आनेवाले थे। इसी बीच यह वारदात हो गई। जबकि पाली उत्तरबारी टोला के सेवानिवृत पुलिस अधिकारी कृष्णानंद झा के घर से एक एलईडी टीवी सेट तथा 5 हजार नगद राशि की चोरी हुई है। बताया जाता है कि इनके पुत्र निर्मल कुमार झा तथा सूचित कुमार झा परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरे में सोये हुए थे। जिस कमरे से चोरी हुई वह खाली था तथा बाहर से कुंडी लगी थी।

Share

Leave a Reply