Home मुख्य अज्ञात कीड़े के काटने से एक की मौत और कई के बीमार होने से दहशत का माहौल। Voice of Darbhanga
मुख्य - April 21, 2018

अज्ञात कीड़े के काटने से एक की मौत और कई के बीमार होने से दहशत का माहौल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के मनीगाछी प्रखंड के राघोपुर पश्चिमी पंचायत के कायस्थ कबई गांव में अज्ञात कीड़े के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन लोग बीमार हैं। घटना के बाद से गांव में दहशत है। जानकारी के अनुसार परमानन्द झा को 20 अप्रैल को अज्ञात कीड़े ने गर्दन के नीचे काट लिया था। कीड़ा काटने के बाद उन्हें शरीर में खुजली, सूनापन व सूजन की शिकायत हो गई थी। थोड़ी देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजन इलाज के लिए उन्हें पंडौल ले गए। वहां से उन्हें मधुबनी रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सा के दौरान उनकी मौत हो गयी।
वहीं दूसरी ओर दिलीप कुमार झा, अनुज कुमार झा, संगीता देवी, ज्ञानेश कुमार झा, सुजीत कुमार झा एवं मन्नू देवी भी इस रहस्यमय कीड़े के काटने से बीमार हैं। सभी डीएमसीएच में इलाज के लिए शनिवार की सुबह पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर उनलोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया।
अज्ञात कीड़े के काटने की सूचना मिलने पर मेडिकल टीम भी शनिवार को गांव पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गांव में डीडीटी का छिड़काव का निर्देश दिया। दरभंगा से भ्रमणशील पशु चिकित्सकों की टीम भी कायस्थ कबई गांव पहुंची। टीम में शामिल डॉ. अरुण कुमार ठाकुर एवं डॉ. आरएन रमण ने बताया कि स्वाईन फ्लू की आशंका की भी जांच की जा रही है। हालांकि प्रथम दृष्ट्या लोगों में वैसे लक्षण नहीं मिले हैं। उन्होंने साफ-सफाई पर ध्यान रखने की सलाह दी तथा गांव में अपनी निगरानी में फिनाइल एवं ब्लीचिंग का छिड़काव भी करवाया।
मेडिकल टीम में शामिल डॉ.जयगोविंद ने बताया कि गांव में कुछ दिनों पहले दर्जनों सूअर मर गए थे। उन्हें ठीक से दफनाया नहीं गया था। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि सूअरों के अवशेष से निकल रहे कीड़ों के काटने से लोग बीमार पड़ रहे होंगे। फिलहाल में इसकी भी जांच की जा रही है।
सविल सर्जन, डॉ.दिलीप कुमार ने बताया कि शनिवार को डॉक्टरों को गांव में भेजा गया था। जांच में फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं हुआ है। मनीगाछी पीएचसी के प्रभारी को रविवार को टीम के साथ जांच के लिए गांव में जाने को कहा गया है। उनसे विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

Share

Leave a Reply