
उठे सवाल: घनश्यामपुर में लगातार चोरी जारी रहना पुलिस की अक्षमता या मिलीभगत! Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में लगता है चोर पूरी तरह पुलिस से निश्चिंत हो गए हैं और लगातार आराम से थोक के हिसाब से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वाबजूद इसके पुलिस इसे रोकने के दिशा में फिसड्डी ही दिख रही है। अब इसका कारण वास्तव में चोरो को पकड़ने में पुलिस की अक्षमता है या मिलीभगत, यह भी सवाल उठना लाजिमी है। शनिवार की देर रात थानाक्षेत्र के गोई मित्र लगमा गांव में अज्ञात चोरों ने पांच घरों पर हाथ साफ कर लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली। घटना से लोग भयाक्रांत हैं। एक परिवार को छोड़ दिया जाए तो शेष सभी अपने घर पर मौजूद थे। बावजूद, चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इस घटना से सभी आश्चर्यचकित हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर कुमार ब्रजेश एवं थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। इसके बाद लोगों की भीड़ लग गई। कुछ देर तक पुलिस को आक्रोश का भी सामना करना पड़ा। इसके बाद बारी-बारी से सभी घरों की जांच की गई। बताया गया कि महेन्द्र झा के घर से नकद 6 हजार रुपये सहित एक लाख 50 रुपये का जेवर, बोलबम झा के घर से नकद एक लाख 25 हजार रुपये सहित तीन लाख रुपये का जेवर तथा रंजीत झा के घर से दस हजार रुपये नकद एवं जेवर की चोरी हुई है। वहीं संजय झा के घर से 25 हजार रुपये नकद सहित दो लाख के जेवर की चोरी की गई है। उनकी लड़की की शादी अगले माह में है। इसकी तैयारी में उन्होंने जेवर बनवाकर मंगाया था। बताया कि चोर नकद, जेवर सहित अन्य कई कीमती सामान ले गया है। कामेश्वर झा के बंद घर से क्या-क्या चोरी हुआ है, यह अभी पता नहीं चल पाया है। वे मुजफ्फरपुर में शिक्षक हैं। घटना की सूचना उन्हें दी गई है।

