
शादी में शरीक होने गए परिवार के घर लाखों की चोरी। Voice of Darbhanga
दरभंगा: इनदिनों लगन काफी तेज है और लोग दूर दूर रिश्तेदारों के यहाँ घर छोड़कर भी जा रहे हैं। साथ ही खरीदारी आदि भी जोर शोर से कर रहे हैं। ऐसे में शहरी क्षेत्र में इन दिनों बंद घरों को निशाना बनाकर चोर लाखों के सामान पर अपना हाथ साफ कर रहे हैं। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर का है। जहां मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के महरैल गांव निवासी जयानाथ झा ने नगर थाना में चोरी की प्राथमिकी दर्ज की है। दिए गए आवेदन में कहा गया है कि वे पिछले 22 वर्षों से थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में किराए के मकान में रह रहे हैं। 25 अप्रैल को वह सपरिवार एक शादी समारोह में शरीक होने के लिए वे अपने गांव गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले लोगों ने फोन पर उनके घर का ग्रिल टूटा हुआ होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह अपने गांव से दरभंगा के लिए निकल पड़े। यहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि ग्रिल के साथ-साथ सभी कमरे का ताला भी टूटा हुआ है। कमरे में रखी आलमारी व लॉकर सहित सूटकेस को तोड़कर करीब लाखों के सामान की चोरी की गई है। घर का सारा समान इधर-उधर फेंका हुआ पाया गया। चोरों ने 40 हजार नकदी के अलावा सोने की बाली, नाक का छक व सोने का लॉकेट की चोरी कर ली। इस संबंध में पूछने पर नगर थाना प्रभारी सीताराम प्रसाद ने बताया कि चोरी का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

