
वृद्ध दंपत्ति की हत्या कर घर मे लूटपाट, इलाके में सनसनी। Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिले के हायाघाट थानाक्षेत्र के धोबोपुर बंसारा गांव में बुधवार रात लुटेरों ने वृद्ध दंपति की हत्या कर घर का सारा माल लूट लिया। वृद्ध बिलट दास(65) अपनी पत्नी कला देवी (62) के साथ घर के बरामदे पर सोए हुए थे। सुबह दोनों मृत पाए गए। दंपति की मौत की खबर सुनकर वहां सैंकड़ों ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।
उनकी मौत का खुलासा गुरुवार की सुबह तब हुआ जब रोजाना दूध खरीदने वाला ग्राहक उनके घर पहुंचा। ग्राहक ने आवाज दी तो वे नहीं जगे। तब उसने बरामदे पर पति-पत्नी को हिला डुलाकर उठाना चाहा तो वे मृत पाए गए। इतने में हल्ला होने पर पड़ोसी भी जुट गए तो देखा कि घर में सभी पेटी-बक्सों के ताले टूटे हुए थे। कमरे में सभी सामान बिखरे पड़े थे। पति-पत्नी के मुंह और कान से खून बह रहा था। प्रथम दृष्टया लोगों ने अनुमान लगाया उनकी हत्या मुंह दबाकर की गयी हो।
ग्रामीणों ने पुलिस को फौरन घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दिन के 11.30 बजे घटनास्थल पर पहुंचकर तहकीकात करते हुए लाश को कब्जे में लेकर पास्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। दंपति के परिजन के नाम पर उनके घोषरामा निवासी समधी मोहन दास लाश के साथ डीएमसीएच गए हैं,जबकि उनके दोनों पुत्र घर आने के लिए ट्रेन पकड़ चुके हैं।
उनके पुत्र धर्मेंद्र और लालबाबू दास देहरादून में अपने परिवार के साथ रहकर राजमिस्त्री का काम करते हैं। घर
पर उनके मां-बाप अकेले रहकर भैंस पालकर अपना जीवन-गुजर बसर कर रहे थे। इस घटना से क्षेत्र के लोग मर्माहत हैं। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है। फिलहाल लाश को पोस्टमॉर्टम में भेजने के बाद चौकीदार के बयान पर अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
मामले में प्रभारी एसडीपीओ सदर पीके सिन्हा ने बताया कि घर में लूटपाट हुई या उसे लूट का शक्ल दिया गया, इस दिशा में तहकीकात की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामले का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पड़ताल में जुटी है।

