
तेज रफ्तार पिकअप की ठोकर से स्कूल की महिला आदेशपाल और छात्र की स्थिति गम्भीर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा मुख्य पथ में बेनीपुर हटियागाछी के समीप बिरौल की ओर से तेज रफ्तार से आ रही बीआरओ 6 जीओ 4614 नंबर की टाटा 407 ने दस वर्षीय छात्र दुर्गेश कुमार एवं एक निजी विद्यालय की 50 वर्षीया आदेशपाल रजनी देवी को ठोकर मार गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद चालक घटनास्थल पर वाहन छोड़कर भाग निकला। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों ने बेनीपुर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां से डाक्टर ने दोनों को इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुख्य पथ को एक घंटे तक जाम कर भारी हंगामा किया। बाद में बहेड़ा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर टाटा 407 को कब्जे में लेकर बहेड़ा थाना पर लगा दिया और लोगों को समझा बुझाकर जाम को हटवाया। घायलों के परिजनों ने बताया कि दुर्गेश कुमार बहेड़ा मध्य विद्यालय
बालक का छात्र है, वह बाल कटवाकर अपने परिजन के साथ घर जा रहा था। जबकि रजनी देवी अपने घर से निकट के निजी विद्यालय जा रही थी। इस दौरान उक्त दोनों को उक्त गाड़ी ने रौंद दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गाड़ी पर चालक बगल में बैठकर किसी अप्रशिक्षित व्यक्ति से गाड़ी चलवा रहा था जिससे लेकर उक्त घटना घटी।

