
दिव्यांगों को दी जाने वाली सुविधाओं के प्रचार-प्रसार का सभी बीडीओ को दिया गया निर्देश। Voice of Darbhanga

दरभंगा: प्रभारी डीएम मोबिन अली अंसारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में हुई। बैठक में आयुक्त निशक्तता आयोग बिहार डॉ. शिवाजी कुमार का भी आगमन हुआ। प्रभारी डीएम ने पुष्पगुच्छ से उनका स्वागत किया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयुक्त निशक्तता आयोग ने दिव्यांगों के कल्याणार्थ बिहार सरकार एवं भारत सरकार की ओर से चलाई जा रही अनेकानेक योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दिव्यांग होने के लिए नए नियमावली में कुल 21 कारकों का भी उन्होंने जिक्र किया। दिव्यांगों के प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र देने के बारे में भी उन्होंने बताया। उपस्थित सभी बीडीओ से दिव्यांगों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दिव्यांगों को देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करवाने को भी कहा। प्रखंड एवं जिला के कार्यालय भवनों में रैंप की व्यवस्था निश्चित रूप से करवाने को भी उन्होंने कहा ताकि किन्ही दिव्यांगों को कार्यालय भवन में प्रवेश करने में अनावश्यक परेशानियों का सामना ना करना पड़े।
आगे साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक में सर्वप्रथम लोक शिकायत निवारण कार्यालय में प्राप्त परिवाद पत्रों के निष्पादन के अद्यतन स्थिति की समीक्षा प्रभारी डीएम की ओर से की गयी। लंबित मामलों को अविलंब निष्पादित करने का निर्देश उन्होंने दिया। दरभंगा जिला को ओडीएफ घोषित करने के लिए कार्यक्रम के अनुसार पंचायतों को
पहले ओडीएफ घोषित किया जाना है तत्पश्चात प्रखंडों को एवं उसके बाद अनुमंडल को ओडीएफ घोषित किया जाएगा। कार्यक्रम वार चलाए जा रहे शौचालय निर्माण के अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। लंबित शौचालय निर्माण पर प्रभारी डीएम ने अपनी अप्रसन्नता व्यक्त की और इसमे अविलंब तेजी लाने का निर्देश दिया। इस क्रम में लापरवाह कर्मियों के मानदेय कटौती को लेकर भी उन्होंने निर्देश जारी किया।

