Home मुख्य देर रात सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद रणक्षेत्र में तब्दील हुआ खानकाह चौक। Voice of Darbhanga
मुख्य - May 6, 2018

देर रात सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद रणक्षेत्र में तब्दील हुआ खानकाह चौक। Voice of Darbhanga

दरभंगा: रविवार की देर रात खानकाह चौक के पास सड़क हादसे में महिला की मौत से पूरा इलाका घंटों रणक्षेत्र बना रहा। महिला के बारे में बताया जा रहा है कि वह इमामबाड़ी की रहने वाली समा परवीन थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर बवाल किया। नाराज लोगों के आक्रोश को देख पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। जो पुलिस कर्मी हिम्मत कर भीड़ को समझाने की कोशिश भी कर रहे थे वे आक्रोश के शिकार हो जा रहे थे। बांस-बल्ला लेकर सभी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस भय से कोई हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। हालांकि, पुलिस पदाधिकारियों ने काफी समझाने की कोशिश की। लेकिन, कोई मानने को तैयार नहीं हो रहा था। अचानक लोगों का आक्रोश पिकअप वैन पर टूट पड़ा। वैन पर जेनरेटर लदा हुआ था। बांस-बल्ला के प्रहार से वैन को चूर चूर कर दिया गया। इसके बाद उसे खानकाह चौक के पास धक्का देकर लाया और आग के हवाले कर दिया। उस समय गाड़ी बंद थी। लेकिन, आग लगने के कुछ देर बाद अचानक गाड़ी का हॉर्न बजने लगा और फिर गाड़ी अचानक स्टार्ट हो गई। इस डर से कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की। लेकिन, अधिक संख्या रहने के कारण सभी लोग पुन: जुट गए। नाराज लोगों का कहना था कि बड़ी गाड़ियों के लिए बाइपास बनाया गया है। लेकिन, प्रशासन अब तक शहर से ही बड़ी गाड़ी का परिचालन करा रही है। सड़क पर शव पड़ा है इसकी चिंता प्रशासन को नहीं है। लेकिन, घटना में शामिल गाड़ी को सुरक्षित बचाने के लिए फायर ब्रिगेड को मंगा लिया गया है। अगर किसी के घर में आग लग जाए तो ये समय पर नहीं पहुंचते हैं। आखिरकार, क्या वजह है कि ये लोग समय से पहले पहुंच गए। आक्रोशित लोगों के प्रश्न का जवाब पुलिस नहीं दे पा रही थी। बहरहाल, करीब दो घंटे के बाद पुलिस की टीम एम्बुलेंस के साथ पहुंची। कोई मानने को तैयार नहीं थे। देर रात तक घटना स्थल पुलिस छावनी में तब्दील रहा। स्थानीय लोगों का आक्रोश चरम रहा।

Share

Leave a Reply