
छोटी मोटी धमकियों को भी नजरअंदाज न करें व्यवसायी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एसएसपी मनोज कुमार ने कहा कि छोटी-मोटी धमकी मिलने पर अधिकांश व्यवसायी चुप्पी साधे रहते हैं। आगे चलकर इस वजह से उनलोगों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो जाती है। उन्होंने कहा कि पुलिस आपकी सेवा करने को हमेशा तत्पर है। एक-दूसरे को समझें और अपनी समस्याओं को सही तरीके से रखें। आप लोगों की सेवा के लिए ही सरकार ने मुझे यहां भेजा है। इस दिशा में हमेशा तत्पर रहूंगा। वे मंगलवार को नगर निगम कार्यालय के पास स्थित एक निजी होटल के सभागार में प्रमंडलीय वाणिज्य एवं उघोग परिषद की ओर से आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि शहर में अस्थायी अतिक्रमण ज्यादा है। इससे आने वाली समस्याओं से लोगों को जागरूक कर अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया जाएगा। बावजूद अतिक्रमणकारी हठी रवैया अपनाते हैं तो उनलोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि बाइक पर ट्रिपल लोडिंग रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसे सुनिश्चित करने से अपराध व दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
विवादित जमीन के मामलों में एसएसपी ने कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया ताकि मामलों का निबटारा जल्द
से जल्द किया जा सके। उन्होंने भू माफियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि शहर में पहला ट्रैफिक थाना एक सप्ताह में काम करना शुरू कर देगा। शहर की समस्याओं को दूर करने की दिशा में उन्होंने सभी के सहयोग की अपेक्षा की। सदर एसडीपीओ अनोज कुमार ने कहा कि शहर के भ्रमण के दौरान उन्होंने यातायात में आने वाली समस्याओं को महसूस किया है।
समस्याओं को दूर करने के लिए जल्द अभियान चलाया जाएगा। इसमें नगर निगम का भी सहयोग लिया जाएगा। सदर एसडीओ राकेश कुमार गुप्ता ने भी व्यवसायी एवं आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।

