
व्यवस्था सुधारने में मेयर सहित सभी पार्षदों ने एसएसपी से किया सहयोग का वादा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एसएसपी मनोज कुमार ने शुक्रवार को अपने सभा कक्ष में नगर निगम के पार्षदों के साथ बैठक कर विधि व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा। कहा कि आप लोगों के सहयोग के बिना मेरा प्रयास सफल नहीं होगा। मेयर वेजंती खेड़िया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बारी-बारी से पार्षदों ने विधि व्यवस्था संधारण की दिशा में कई सुझाव दिए। दोनार व स्टेशन रोड में चल रहे अवैध बस पड़ाव खत्म कराने की मांग की। इसके अलावा अल्लपट्टी, बेंता, दोनार चौक, स्टेशन रोड में चल रहे अवैध ऑटो पड़ाव से होने वाली परेशानी से अवगत कराया। कहा कि अवैध बस व ऑटो पड़ाव के कारण जाम की स्थिति बनती। वहीं लहेरियासराय पाली राम चौक, गुदरी के दोनों गेट, बेंता, शिवधारा से कादिराबाद, दोनार, मौलागंज, दरभंगा टावर से नाका दो होते कादिराबाद जाने वाला रास्ता व लहेरियासराय टावर चौक से चट्टी चौक आदि सड़कों से अतिक्रमण हटाने की बात कही गई। बताया कि यहां अतिक्रमण के कारण रोजाना जाम की स्थिति रहती है। पार्षदों ने कहा कि आप कार्रवाई करें हमलोगों का भरपूर सहयोग रहेगा। वहीं खाजासराय के पास गांजा के अड्डा चलने की बात कही गई। कटहलबाड़ी आरओबी पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का सुझाव दिया गया। पार्षदों की बात सुन एसएसपी ने कहा कि आप लोग अपने स्तर से मोहल्ले के लोगों को जागरूक करें। साथ ही मोहल्ला स्तर 25 युवक-युवतियां का नाम वोलेंटियर के लिए प्रस्तावित करें। उन्होंने सक्षम लोगों से सड़क किनारे सीसीटीवी लगाने का आह्वान किया। इसके लिए पार्षदों को प्रेरित करने की बात कही। सीसीटीवी कैमरा को बिजली की जगह इनभर्टर से जोड़ने की सलाह दी। कहा अपराधी जब घटना को अंजाम देते हैं तो वे बिजली विभाग को गलत सूचना देकर लाइन कटवा देते हैं। ऐसी स्थिति में सीसीटीवी कैमरा काम करना बंद कर देता है। सड़क पर रोशनी के लिए उन्होंने लाइट की व्यवस्था निगम स्तर से कराने की बात कही। इस पर मेयर वेजंती खेड़िया ने आश्वासन दिया कि दो माह के अंदर से शहर को रोशन कर दिया जाएगा। पार्षदों के सघन गश्ती की मांग पर एसएसपी ने कहा कि आप इसकी चिंता न करें, इस पर पैनी नजर है। कहा कि जून माह से आम लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा। इसकी शुरुआत प्रथम शनिवार से की जाएगी। मौके पर सदर डीएसपी अनोज कुमार, मुख्यालय डीएसपी पीके सिन्हा, पार्षद अजय जालान, शंकर जायसवाल, वेला देवी, अनोखा देवी, संतोष महतो, प्रमोद साह, जयंती देवी, सुचित्रा रानी, निशा कुमारी, मधुबाला सिन्हा, विनोद मंडल आदि सहित सभी पार्षद बैठक में उपस्थित थे।

