
मल्टी लेन सड़क निर्माण को लेकर दिल्ली मोड़ से बाघ मोड़ तक रहेगा वन वे। Voice of Darbhanga

दरभंगा: मल्टी लेन सड़क निर्माण को लेकर 13 मई से बाघ मोड़ से दिल्ली मोड़ जाने वाली सड़क वन वे परिचालन होगा। यानी दिल्ली मोड़ से बाघ मोड़ वाहन आएंगे। बाघ मोड़ से वाहन शिवधारा होते दिल्ली मोड़ जाएंगे। इस दौरान मधुबनी, सहरसा, सुपौल व पूर्णिया की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन एक¨भडा-सकरी की ओर से होगा। मुजफ्फरपुर, पटना, सीतामढ़ी की ओर जाने वाले वाहन शिवधारा बाजार समिति की ओर से जाएंगे। बेला पब्लिक स्कूल का आवागमन सिर्फ बाघ मोड़ की ओर से होगा। बेला दुर्गा मंदिर व औद्योगिक क्षेत्र जाने के लिए पॉलीटेक्निक सड़क की ओर से होगा। डाक प्रशिक्षण केंद्र का आवागमन बाघ मोड़ पीबीएम पथ व बेला व बेला शंकर के लिए रैंक प्वांइट रास्ते का प्रयोग किया जाएगा। बाघ मोड़ से बस स्टैंड जाने के लिए शिवधारा बाजार समिति रास्ता का उपयोग किया जाएगा। कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग दरभंगा ने अपने ज्ञापन द्वारा बाघ मोड़ से दिल्ली मोड़ तक पथ पर चौड़ीकरण कार्य को लेकर इस मार्ग को बंद करने व वैकल्पिक मार्ग पर यातायात व्यवस्था को चालू बनाए रखने की बात कहीं है। इस संबंध में विवि थानाध्यक्ष व सदर सीओ को निर्देशित किया गया है। इस दौरान दिल्ली मोड़ से बाघ मोड़ तक छोटे वाहनों का परिचालन वन वे रहेगा। बता दें कि 10 करोड़ की लागत से दिल्ली मोड़ से बाघ मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। पूर्व में भी इस सड़क खंड पर वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई थी। लेकिन जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद फिर से इसे खोल दिया गया था। हालांकि इस दौरान बड़े वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया था।

