
मिथिला विवि ने जारी की शिक्षकों के हड़ताल अवधि के भुगतान की अधिसूचना। Voice of Darbhanga

दरभंगा: लनामिविवि के शिक्षकों की हड़ताल अवधि के भुगतान संबंधी अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी गई है। कुलसचिव प्रो. मुस्तफा कमाल अंसारी ने बताया कि लोकायुक्त के निर्णय के आलोक में 21 मार्च को वित्त समिति ने इस संबंध में निर्णय लिया था। इसके तहत परिनियमानुसार जिन शिक्षकों के 88 दिनों के वेतन का भुगतान विशेष कक्षा संपादन करने के बाद हो चुका है, उनके अर्जितावकाश नकदीकरण की राशि की कटौती नहीं की जाएगी। यदि शिक्षक 43 दिनों के अर्जितावकाश कटौती का विकल्प देते हैं तो शेष 43 दिनों के लिए 25 मार्च 2006 से अर्जित अवकाश से उतने दिनों की कटौती कर ली जाएगी। अन्यथा शिक्षकों को 43 दिनों का तत्काल वेतन देय नहीं होगा। जिसमें अर्जितावकाश की कटौती नहीं की जाएगी। 88 दिनों की पूर्व में कटौती राशि यदि किसी शिक्षक की ओर से लौटा दी गई है तो उसका भुगतान संबंधित शिक्षक को सुनिश्चित किया जाएगा। वित्त समिति की उपर्युक्त अनुशंसा के आलोक में 15 अप्रैल को सिंडिकेट की बैठक में इसे अनुमोदित कर दिया गया था।
इसके आलोक में शिक्षकों का 131 दिनों की हड़ताल अवधि के संबंध में अर्जित अवकाश की गणना एवं भुगतान सुनिश्चित की जाएगी। विवि के इस निर्णय से प्रभावित शिक्षकों में हर्ष व्याप्त है। एलएन मुटा के अध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन झा, महासचिव डॉ. अनिल कुमार झा एवं कार्यालय सचिव डॉ. कंहैयाजी झा ने कुलपति सहित विवि के वित्त समिति एवं सिंडिकेट सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।

