
लोक शिकायत निवारण में लापरवाही बरतने वाले प्राधिकारो पर होगी कारवाई: जिलाधिकारी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: लोक शिकायतो के मामले पर जिला पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह लगातार गंभीर दिख रहे हैं। लापरवाह प्राधिकारों को सीधे चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि लोक शिकायत निवारण प्राधिकार के मामलों में लापरवाही बरतने वाले लोक प्राधिकारों पर अनुशासनिक कारवाई होगी। वे सोमवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक में योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोक शिकायत निवारण सरकार के कार्यक्रमों में प्रमुख है। इससे संबंधित वैसे मामले जो निर्धारित 60 दिन बीत जाने के बावजूद निष्पादित नहीं किए जा सके हैं अथवा लंबित हैं, वैसे मामलों को प्राथमिकता के तौर पर ध्यान देकर तत्काल निष्पादित करने का सख्त निर्देश दिया गया। जमीन विवाद से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए प्रत्येक शनिवार को सभी अंचलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के थानाध्यक्ष के साथ बैठक कर सुनवाई करने एवं उसका विस्तृत प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया। डीएम ने पूरे राज्य में लोक शिकायत निवारण में दरभंगा जिले के द्वितीय स्थान प्राप्त करने के लिए सभी लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों को बधाई दी एवं अगली बैठक में सभी लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देने की भी घोषणा की। उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोक प्राधिकारों को भी सम्मानित किए जाने की उन्होंने घोषणा की। जिला में लंबित सीडब्लूजेसी/एमजेसी मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इसके बाद शौचालय निर्माण की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि पूरे जिले को दिसबंर तक ओडीएफ घोषित कर देना है। उन्होंने शौचालय निर्माण कार्य के साथ-साथ भुगतान प्रक्रिया में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके बाद उप विकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो ने प्रधानमंत्री आवास योजना, इंदिरा आवास
योजना एवं मनरेगा की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने इन कार्यक्रमों में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में सहायक समाहर्ता प्रशिक्षु आईएएस विवेक रंजन मैत्रेय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शत्रुघ्न कामती, डीआरडीए के निदेशक मो. वशीर अहमद, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव रंजन प्रभाकर, नजारत उप समाहर्ता रविंद्र कुमार दिवाकर, डीपीआरओ कन्हैया कुमार आदि उपस्थित थे।

