Home मुख्य धुआँ रहित गाँव बनाने केलिए 24 गाँव चयनित।। Voice of Darbhanga
मुख्य - May 23, 2018

धुआँ रहित गाँव बनाने केलिए 24 गाँव चयनित।। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिला पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बुधवार को जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना की समीक्षा की। बैठक मे उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत जिले के 24 गांवों को धुआं रहित गांव बनाने के लिए चयन किया गया। इन 24 गांवों में कुल सात हजार तीन सौ सत्तर परिवार रहते हैं। इनमें से पांच हजार चार सौ पचपन परिवार पूर्व से अथवा उज्ज्वला गैस योजना के तहत कनेक्शन लिए हुए हैं। सिर्फ 1915 परिवार शेष बच गए हैं। जिनके पास या तो आवश्यक कागजात नहीं है अथवा अपेक्षित रूचि नहीं है। इन्हीं परिवार पर ध्यान देकर गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उज्जवला गैस योजना के द्वितीय चरण में प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी लाभुकों को, अनुसूचित जाति व जनजाति के सभी परिवारों को, सभी अतिपिछड़ा परिवारों को, अंत्योदय योजना के सभी लाभुको को निश्शुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाना है। डीएम ने उपस्थित सभी गैस वितरकों को सालाना निश्शुल्क गैस कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित कर कनेक्शन देने का निर्देश दिया। लक्ष्य के अनुरूप नि:शुल्क गैस कनेक्शन नहीं देने वाली एजेंसी का लाइसेंस रद किया जा सकता है। उन्होंने तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने स्तर से गैस वितरकों के साथ बैठक कर निश्शुल्क गैस कनेक्शन देने की प्रक्रिया का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों के आरटीपीएस काउंटरों पर राशन कार्ड से संबंधित आवेदन पत्र लेने का भी निदेश दिया। केरोसिन व खाद्यान्न वितरण की भी विस्तार से समीक्षा की गई। एसएफसी के जिला प्रबंधक ने बताया कि मई माह के खाद्यान्न का उठाव एवं वितरण जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के बीच कर दिया गया है। आधार सिडिंग की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सहायक समाहत्र्ता-सह-प्रशिक्षु आईएएस विवेक कुमार मैत्रेय, प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी शत्रुध्न कामती, तीनों अनुमंडलों के एसडीओ, जिला जन संपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार आदि थे।

Share

Leave a Reply