Home मुख्य वृद्धा को धक्का मार भागने का प्रयास कर रहे युवक ने तानी पिस्टल तो लोगो ने कर दी धुनाई। Voice of Darbhanga
मुख्य - May 24, 2018

वृद्धा को धक्का मार भागने का प्रयास कर रहे युवक ने तानी पिस्टल तो लोगो ने कर दी धुनाई। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सदर थाना क्षेत्र के पुरानी सकरी-दरभंगा मार्ग के गौसाघाट बाजार में गुरुवार को एक बाइक सवार अपराधी ने एक बूढ़ी महिला को ठोकर मार दी. इसमें महिला बुरी तरह जख्मी हो गयी. वृद्धा की पहचान भगवानपुर मंठ निवासी महेंद्र शर्मा की 60 वर्षीया पत्नी शांति देवी के रूप में की गयी. घटना के बाद स्थानीय दुकानदार एवं दाह-संस्कार में जा रहे लोगों ने महिला की गंभीर हालत देख बाइक सवार से उनकी इलाज कराने ले जाने को कहा. इस बात से वह गुस्से में आकर भीड़ पर पिस्टल तान दिया एवं अपना बाइक लेकर भागने लगा. लोगों ने साहस दिखाते देते हुए आनन-फानन में सड़क को जाम कर दिया. इतने में ही अपराधी के हाथ से पिस्टल छूटकर नीचे गिर गया. लोग उसपर टूट पड़े. लाठी-डंडे से उसकी पिटाई कर दी. इससे वह खून से लथपथ हो गया. वह जान बचाने के लिये पास की एक किराना दुकान में घुस गया.
घटना की सूचना लोगों ने सदर थाना को दी. थानाध्यक्ष उमेश चंद्र तिवारी सुरक्षा बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. वहीं पिस्टल के साथ अपराधी पकड़े जाने की सूचना पर मब्बी व भालपट्टी ओपी की पुलिस भी पहुंची. बरामद पिस्टल सहित अपराधी को कब्जे में कर लिया. साथ ही उसकी बाइक को भी जब्त कर लिया. अपराधी मधुबनी जिला के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बरैना निवासी स्व. सूर्यनारायण झा के पुत्र शंकर कुमार झा बताया गया है.

Share

Leave a Reply