Home मुख्य एएसआई हत्या मामले में ढाई साल बाद आया फैसला, पुजारी को मिली उम्रकैद की सजा। Voice of Darbhanga
मुख्य - May 30, 2018

एएसआई हत्या मामले में ढाई साल बाद आया फैसला, पुजारी को मिली उम्रकैद की सजा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: करीब ढाई साल पहले शौचालय विवाद में दिन दहाड़े सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार की हत्‍या कर दी गई थी। इस हत्याकांड मामले में बुधवार को चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश ब्रजेश कुमार मालवीय की अदालत ने लहेरियासराय आरक्षी निवास स्थित महावीर मंदिर के पुजारी विपीन सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई। विपीन मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाने के जारंग का रहने वाला है।
कोर्ट ने हत्यारे को दस हजार रुपये अर्थदंड जमा कराने का आदेश पारित किया है। अर्थदंड नहीं जमा करने पर दो वर्ष अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा भुगतने का प्रावधान किया है। जिला मुख्यालय में दिनदहाड़े जमादार की हत्या क मामले में 2 वर्ष 6 माह और 15 दिनों के अंदर अदालत ने फैसला सुनाया है।
अभियोजन पक्ष का संचालन कर रहे लोक अभियोजक नसीरुद्दीन हैदर ने बताया कि जेल से उत्तर आरक्षी निवास के निकट 15 नवंबर 2015 की सुबह में आवास से तैयार होकर डयूटी पर जा रहे ट्रैफिक जमादार विजय कुमार के कलेजे में मंदिर के पुजारी विपीन सिंह ने चाकू घोंप दिया। जब तक उसे इलाज के लिए भेजा जाता, इस बीच घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। विजय पटना जिला के विक्रम थानाक्षेत्र के अदरचक निवासी था।
आरक्षी निवास के शौचालय में शौच करने से मना करने की रंजिश को लेकर अभियुक्त ने जमादार विजय का कत्ल कर दिया। अहले सुबह सरेआम जमादार की निर्ममतापूर्वक की गई हत्या से पूरा शहर थर्रा उठा था। घटना की प्राथमिकी लहेरियासराय थाने में एकल हत्याभियुक्त के विरुद्ध ट्रैफिक एसआइ वरुण कुमार के लिखित तहरीर पर भादवि की धारा 302 के तहत दर्ज हुई थी।
पुलिस अनुसंधान के क्रम में घटनास्थल पर गिरे खून, हत्या में प्रयुक्त चाकू और अभियुक्त के कपड़े पर लगे खून की रासायनिक जांच कराई गई, जिसमें समानता पाई गई। अदालत में स्पीडी ट्रायल के तहत मामले की सुनवाई शुरू हुई। 17 अगस्त 2016 को अदालत ने अभियुक्त के विरुद्ध धारा 302 में आरोप गठित किया। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से दस गवाहों को पेश किया गया। हत्या अभियुक्त घटना के बाद से ही जेल में है।

Share

Leave a Reply