
स्कार्पियो ड्राइवर की हत्या से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बिशनपुर थाना क्षेत्र के गोढ़ियारी पंचायत के लावाटोला निवासी चैतू दास (45) की हत्या की खबर मिलते ही बुधवार को उसके गांव में कोहराम मच गया। अपराधियों ने हत्या कर उसके शव को मुजफ्फरपुर के गायघाट पेट्रोल पंप के पास फेंक दिया। शव के गांव पहंचने पर वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उसके परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने एकमी घाट में शव को बीच सड़क पर रखकर दरभंगा-समस्तीपुर एसएच को जाम कर दिया। वे अपराधियों की गिरफ्तारी के अलावा मृतक के
परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। हनुमाननगर बीडीओ ने तत्काल पहुँच कर पारिवारिक लाभ के राशि का चेक मृतक के परिजनों को सौंपा। बहादरपुर थाना की पुलिस के अलावा बीडीओ ने लोगों को समझा बुझाकर काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया। परिजनों ने बताया कि चैतू बेंता ओपी क्षेत्र के शाहगंज बेता निवासी राहुल की स्कार्पियो चलाता था। मंगलवार को दिन में राहुल ने चैतू को फोन कर बुलाया। उसने चैतू दास को गाड़ी लेकर मुजफ्फरपुर किराया में जाने को कहा। रात के लगभग 11 बजे राहुल लावा टोल स्थित चैतू के घर पहुंचा। उसने उसकी पत्नी लक्ष्मीनिया देवी से पूछा कि चैतू घर पहुंचा या नहीं। उसने बताया कि
चैतू का मोबाइल स्विच ऑफ मिल रहा है। राहुल की बात सुनते ही चैतू के घर में कोहराम मच गया। उसका पूरा परिवार पूरी रात जागकर उसके घर आने का इंतजार करता रहा। चैतू के बच्चे मिथिलेश, ललिता, सूरज और कृष्णा रात भर जागे रहे। सुबह चैतू की खोज में उसका परिवार मुजफ्फरपुर की ओर निकल गया। गायघाट पेट्रोल पम्प के पास भीड़ देखकर वे लोग रुके। वहां चैतू के शव पर नजर पड़ते ही वे स्तब्ध रहे गए।

