
देर रात सड़क पर लहूलुहान पड़े युवक की राउंड पर निकले थानेदार की तत्परता से बची जान। Voice of Darbhanga

दरभंगा: गुरुवार की रात करीब पौने बारह बजे सड़क पर एक्सीडेंट में घायल एक बाइक सवार का बचना मुश्किल था यदि देवदूत की तरह बुलेट से अकेले राउंड पर निकले भालपट्टी ओपी अध्यक्ष कृष्णचन्द्र भारती ऐन मौके पर न पहुँचते। सदर थानाक्षेत्र के भालपट्टी ओपी अंतर्गत एनएच 57 पर जानकी नगर के निकट दरभंगा शहर के वार्ड 20 के लालबाग निवासी मो0 सद्दाम तारसराय स्थिय अपने ननिहाल से देर रात सड़क पर बाइक से गिर कर बुरी तरह घायल थे। इसी दौरान भालपट्टी ओपी अध्यक्ष अपने रूटीन के अनुसार अपनी बुलेट बाइक से सिविल ड्रेस में अकेले राउंड पर निकले थे तो उनकी नजर इस घायल पर पड़ी। तत्काल उन्होंने उस युवक को किनारे किया और पानी के छींटे आदि मारकर होश में लाया। गश्ती गाड़ी को तुरन्त आने को कहा। गश्ती गाड़ी जबतक आती, तबतक कई अन्य गाड़ियों एवं लोगों को रोकने का प्रयास भी श्री भारती के द्वारा किया गया, पर कोई नही रुका। अंततः गश्ती की गाड़ी पहुँची और घायल
को अस्पताल पहुँचाया गया। शुक्रवार की सुबह घायल के परिजनों ने युवक के सुरक्षित होने की सूचना श्री भारती को देते हुए धन्यवाद भी किया।
ज्ञात हो कि इसी तरह हाल ही में गत 25 मई को भी एक घायल को बचा कर उसके पैसे से भरे बैग एवं मोबाइल तक खोज कर श्री भारती द्वारा लौटना भी चर्चा का विषय बना था। निश्चित रूप से श्री भारती के इन कार्यो से खाकी में ईमानदारी से कार्य करते हुए मानवता का परिचय देने वाले पुलिस की धूमिल होती छवि को नई रौशनी भी मिलती दिख रही है।

