
सड़क किनारे मिले जिंदा बम मामले में दिनभर लोग लगाते रहे कयास, नही मिला सुराग। Voice of Darbhanga

दरभंगा:बहादुरपुर के तारालाही चौक पर शुक्रवार की सुबह दो जिंदा बम मिलने से इलाका में सनसनी फैल गई। बम ओझोल गांव निवासी स्व. तेज नारायण सिंह के पुत्र भवानी सिंह के मुर्गा की दुकान और गरतू यादव के पुत्र प्रभाष यादव के मवेशी दवाखाना के बीच मिले।
इस बात की सूचना बहादुरपुर थानाध्यक्ष राज नारायण सिंह को स्थानीय लोगों ने दिया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत तारालाही चौक पहुंची। पुलिस ने बम को पानी में रखकर निष्क्रिय किया। उसके बाद निष्क्रिय बम को थाना लाया गया।
लहेरियासराय-समस्तीपुर स्टेट हाईवे पर स्थित तारालाही चौक पर बम मिलने से कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि आखिर किस मकसद से यहां बम रखा गया। कहीं बम रखने वाले किसी पर हमला तो करने वाले नहीं थे। स्थानीय लोगों ने कहा क अगर दोनों बम ब्लास्ट कर जाती तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। महज संयोग ही था कि दोनों जिंदा बम से किसी आदमी की टक्कर नहीं हुई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बम रखने को लेकर कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। सड़क किनारे बम रखने के पीछे अपराधियों का क्या मकसद था, उसके बारे में छानबीन चल रही है। जल्द ही बम रखने वालों का पता लगा लिया जाएगा।

