
जिले में पहलीबार आयोजित हुआ पुलिस-पब्लिक के बीच जनसंवाद। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले में पहली बार शनिवार को एक साथ हर थाने में जन संवाद का आयोजन कर सामुदायिक समस्याओं पर चर्चा की गई। सीएम कॉलेज के कर्पूरी भवन में स्वयं एसएसपी मनोज कुमार लहेरियासराय व नगर थाना क्षेत्र के संयुक्त कार्यक्रम में उपस्थित होकर संवाद के गवाह बने । उन्होंने कहा कि आबादी का एक भाग थाने-पुलिस से दूर रहना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में आज थाने में दो तरह के लोग जाते हैं। एक जनप्रतिनिधि जो जरूरतमंदों को मदद करना चाहते हैं। दूसरे दलाल जो लोगों को ठगने का काम करते हैं। ऐसे लोग थाना में न आए और लोग उन दलाल व दोषी पुलिस कर्मियों की पहचान करें इसलिए हम आपके द्वार आए हैं। इसलिए इस संवाद को थाने की जगह सार्वजनिक जगह पर आयोजित करने का निर्देश दिया है। कहा कि आप जबतक थाने से दूरी बनाकर रखेंगे ऐसे लोग हावी होते रहेंगे। आपका थाना है, आपकी पुलिस है यह समझना होगा। हो सकता है कि छोटे पुलिस कर्मी आपको डांट दे। लेकिन, इसकी शिकायत आप वरीय अधिकारी से करें । हो सकता है आपके समस्याओं का वहां निदान हो जाए। यह सोच कर थाने से वापस नहीं जाए कि सभी पुलिस कर्मी खराब होते हैं। उन्होंने कहा कि जब से यहां योगदान लिया तब से आम जन और पुलिसिंग व्यवस्था को जोड़ने में लगे हैं। अगर दोनों मिल जाए तो सारी समस्याओं का निदान हो जाएगा। एक हजार युवाओं को मोहल्ला कमेटी में शामिल करने की घोषणा कर उन्होंने कहा कि सिर्फ जन संवाद से काम नहीं चलेगा बल्कि, आपस में हर माह क्रिकेट व फुटबॉल आदि मैच का आपस में आयोजन हो इसकी व्यवस्था भी करनी होगी। राजू सिंह, मो. असलम, मो. हसनैन, मुन्ना खान, विजय गौतम, मो. अल्लन, मनीष कुमार खट्टीक सहित दर्जनों लोगों ने एसएसपी से सीधी संवाद कर कई ज्वलंत विषयों को उठाया। कोई जाम की समस्या तो कोई अतिक्रमण के निदान पर एसएसपी का ध्यान आकृष्ट कराया। शराब की बिक्री शत प्रतिशत बंद करने और नशीली दवा, होवाइटनर आदि की बिक्री पर रोक लगाने, खुदरा पेट्रोल की बिक्री बंद करने, ट्रिपल लोडिंग, अतिक्रमण मुक्ति के बाद अस्थायी दुकानदारों की व्यवस्था आदि पर लोगों ने सवांद कर स्थायी निदान का मांग किया। इस पर एसएसपी ने कहा कि अतिक्रमण हटाना होगा। इसमें नगर निगम को आगे आने होगा और अस्थायी दुकानदारों की समस्याओं का निदान करना होगा। स्कूली बच्चे नशे का सेवन कर रहे हैं, यह चिंता का विषय है। सभी स्कूल संचालकों को विशेष निर्देश दिया जाएगा। खुदरा में पेट्रोल की बिक्री नहीं होगी । पकड़े जाने पर कार्रवाई होगी। कहा हर माह के पहली शनिवार को सार्वजनिक जगहों पर संवाद होगा। जो समस्यायां आएगी उसे नोट किया जाएगा और अगली बैठक में गई कार्रवाई के साथ संवाद पर चर्चा होगी।

