
बरामद हुई अपहृत लड़की पुलिस को चकमा देकर अपहर्ता के साथ हुई फरार! Voice of Darbhanga

दरभंगा: दिल्ली से तीस मई को भगाई गई नाबालिग लड़की को दिल्ली पुलिस ने पता लगाया और स्थानीय थाना से रिकवर करने केलिए सहयोग लिया। थाना ने छापा मारकर अपहृत को बरामद भी कर लिया लेकिन बरामद लड़की पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई।
मामला केवटी थाना का है जहाँ थाना की पुलिस ने दिल्ली पुलिस की सूचना पर रविवार की रात उसे थानाक्षेत्र के अंदामा गांव से बरामद किया था। दिल्ली पुलिस की सूचना के आधार पर केवटी पुलिस ने अंदामा गांव स्थित मनोहर सहनी के घर छापेमारी कर अपहृता को बरामद किया था। जबकि मनोहर का पुत्र अपहर्ता रोहित कुमार सहनी घर से भाग निकला था। बताया जाता है कि अपहृता व अपहर्ता दोनों दिल्ली की एक जिंस फैक्ट्री में काम कर रहे थे और उसी दौरान रोहित ने नाबालिग लड़की को प्रेमजाल में फांस कर भगा लिया। दिल्ली पुलिस ने लड़की को भगाकर ले जाने और उसे अंदामा स्थित अपने घर पर छिपाकर रखने की जानकारी केवटी थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंदामा गांव स्थित रोहित के घर छापेमारी कर अपहृता को बरामद कर लिया। जबकि अपहर्ता रोहित भाग निकला था। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बरामदगी के बाद अपहृता को महिला पुलिस की निगरानी में रखा गया था। सोमवार की रात शौच के बहाने वह भाग
निकली। जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसका पीछा किया। लेकिन वह नहीं मिली। बताया जाता है कि पुलिस उसे खोजते हुए सड़क की तरफ आयी परंतु अपहर्ता बाइक लेकर दूसरी तरफ खड़ा था जो लड़की को लेकर भाग निकला। इस बीच दिल्ली के ख्याला थाने की तीन सदस्यीय पुलिस टीम भी एएसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में मंगलवार की दोपहर केवटी थाना पहुंच चुकी है। इघर, पुलिस ने अपहर्ता रोहित की मां रधिया देवी तथा गांव के युवक रंजीत कुमार सहनी को हिरासत में लेकर दोनों से पूछताछ कर रही है। इस संबंध में केवटी थाने की महिला पुलिस सुभांति कुमारी के बयान पर रोहित कुमार सहनी व फरार अपहृता के खिलाफ थाने में कांड संख्या 81/ 18 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि अपहृता की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

