
डीजल घोटाले मामले पर नगर निगम में चार दिनों में सामने आएगी रिपोर्ट। Voice of Darbhanga

दरभंगा: नगर निगम सभागार में गुरुवार को मेयर बैजंयती देवी खेड़िया की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से सदस्यों ने सभी 25 एजेंडों को हरी झंडी दे दी। बैठक के दौरान एजेंडा 8 में शामिल डीजल भुगतान पर सदस्य अजय कुमार जालान ने कहा कि डीजल के लिए कौन कूपन दे रहा है, इस बात की जानकारी सदस्यों को दी जानी चाहिए। इसको लेकर काफी देर तक सदस्यों ने अधिकारियों को घेरा। उनका कहना था कि प्रत्येक गाड़ी में प्रतिदिन कितना ईंधन दिया जाता है, उसका पूरा ब्यौरा होना चाहिए। इसपर नगर आयुक्त नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अगली बैठक से बिंदुवार प्रत्येक गाड़ी की ईंधन खपत को एजेंडे में शामिल किया जाएगा। कहा कि डीजल घोटाले की जांच के लिए बनी दो सदस्यीय टीम अगले चार दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंप देगी। सदस्यों ने सड़क-नाला, खराब पड़े हाईमास्क, शौचालय, ई-रिक्शा, डीजल भुगतान, वेंडिंग जोन का निर्माण, नगर निगम की बनी दुकानों का आवंटन सहित साफ-सफाई की ओर सदन का ध्यान आकृष्ट कराया। डीजल क्रय के लिए बनी तीन सदस्यीय कमेटी में शामिल पार्षद सुबोध कुमार ने क्रय समिति के सभी सदस्यों को पदमुक्त करने का आग्रह सदन से किया। कहा कि गाड़ियों के लॉग बुक का जिम्मा सिटी मैनेजर को सौंप दिया जाए।
वहीं, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी लगाने की बात कहीं। पार्षद सोहन यादव ने खराब पड़े ई-रिक्शा की जांच, दरभंगा टावर पर बनी दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया, हाजिरी घोटाला व वेंडिग जोन का मामला उठाया। विनोद मंडल ने अल्लपट्टी चौक पर अवैध रूप से लगाई जा रही सब्जी मंडी को वहां से हटाकर आईएमए भवन के बगल में शिफ्ट करने की बात कही। कहा कि उक्त स्थान पर निगम की जमीन है। इसे साफ कराकर विक्रेताओं को वहां जगह दी जाए। पार्षद डब्बू खान ने खराब पड़े चापाकलों को दुरुस्त कराने की मांग की।
इसपर नगर आयुक्त ने कहा कि निगम की ओर से शहरी क्षेत्र में लगाए गए चापाकलों को जल्द ही ठीक कराया जाएगा। मौके पर पार्षद नुसरत आलम, सिटी मैनेजर नरोत्तम कुमार साम्राज्य, नगर अभियंता रतन किशोर वर्मा, सहायक नगर अभियंता साउद आलम, राजस्व प्रभारी प्रजापति मिश्र, रवि कुमार, शहाबुद्दीन आदि मौजूद थे।

