
ब्लैक कैट कमांडो को मिली शहर के सुरक्षा की जिम्मेवारी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एसएसपी मनोज कुमार की पहल पर सीआइएटी के जवानों को ब्लैक कैट कमांडो का रूप सोमवार को दे दिया गया। सभी जवानों को नई वर्दी देकर अलग से जिम्मेदारी दी गई है। इस टीम में एक दर्जन जवानों को फिलहाल शामिल किया गया है। आवश्कता पड़ने पर संख्या बल में वृद्धि करने की बात एसएसपी ने कही है। टीम का नेतृत्व स्वयं एसएसपी कर रहे हैं। पहले दिन टीम के जवानों ने दरभंगा कोर्ट का जायजा लिया। इसके बाद शहर में भ्रमण कर सभी एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को देखा व रुपये निकालने वाले ग्राहकों को पंक्ति में रहने को कहा। ग्राहकों को जागरूक करने का भी काम किया। किसी को एटीएम कार्ड नहीं दिखाने की सलाह दी। कहा कि कोड गोपनीय रखने की जरूरत है। मदद के नाम पर शातिर रुपये निकासी कर फरार हो जाते हैं। एसएसपी कुमार ने बताया कि सीआइएटी के सभी जवान प्रशिक्षित हैं। काउंटर इंटेलीजेंस एंटी टेररिस्ट के सभी जवानों को
अत्याआधुनिक हथियार चलाने से लेकर उंची इमारत पर चढ़ने तक की ट्रेनिंग मिली है। हथियार को खोलकर मिनटों में फिट करने की महारत हासिल है। इस दस्ता को दो भागों में बांटा गया है। एक को भ्रमणशील दस्ता बनाकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए लगाया है। नई टीम को एटीएम की सुरक्षा व मोस्ट वांटेंड की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। इसका परिणाम बेहतर मिलेगा। अपराधियों में इससे भय रहेगा।

