
नशीली दवाओं की बिक्री को लेकर पुलिस ने दवा दुकानों का किया निरीक्षण। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एसएसपी मनोज कुमार के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में कमांडो दस्ता ने मंगलवार को शहर की कई दवा दुकानों की रैंडम जांच की। इस दौरान किसी भी दुकान में दवा की बिक्री को लेकर आवश्यक एच-1 रजिस्टर नहीं पाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह को इससे अवगत करा दिया है। साथ ही उन्होंने सिविल सर्जन व ड्रग इंस्पेक्टरों से बात कर सभी दुकानों में एच-1 रजिस्टर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। एसएसपी की कार्रवाई से युवाओं को नशीली दवा उपलब्ध कराने वाले दुकानदारों के बीच हड़कम्प मच गया है।
एसएसपी ने बताया कि नियमों के अनुसार एच-1 श्रेणी की 46 दवाएं बेचने के लिए सभी मेडिकल हॉल को एक रजिस्टर रखना है। इस रजिस्टर में एच-1 श्रेणी की दवा खरीदने वालों को नाम व पता नोट करना है। साथ ही जिस डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन पर उन्हें दवा आपूर्ति कराई गई है, उनका नाम भी रजिस्टर पर अंकित करना है। एसएसपी ने कहा कि जो दुकानदार एच-1 श्रेणी की दवा का स्टॉक मेनटेन नहीं करेंगे या दवा बेचने के बाद आवश्यक जानकारी रजिस्टर में अंकित नहीं करेंगे,वैसे दुकानदार जेल जाने के हकदार होंगे। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही दवा दुकानदारों के साथ बैठक भी करेंगे।
गौरतलब है कि नशे की लत में फंसे सैकड़ों युवा आसानी से विभिन्न दवा दुकानों से दर्द निवारक गोली, कफ सिरप, नींद की गोलियां आदि हासिल कर लेते हैं। डॉकटर के प्रिस्क्रिप्शन के बिना ही कई दुकानदार उन्हें दवा उपलब्ध कराते रहे हैं। कई युवा इस बात को भूलकर की इन दवाओं के माध्यम से नशा कर वे अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। इन दवाओं के अत्याधिक सेवन से उनके शरीर के अंग काम करना बंद कर देंगे। इसके बाद वे जिंदा लाश बनकर रह जाएंगे।

