
क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने दिए भूमाफियाओं पर नकेल कसने के निर्देश। Voice of Darbhanga

दरभंगा: वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बुधवार को अपराध गोष्ठी कर भू-माफियाओं पर नकेल कसने का आदेश दिया। एक थाने में भूमि विवाद से संबंधित 18 मामले दर्ज होने पर उन्होंने चिंता जाहिर की। सभी मामले की जांच करने के लिए एसडीपीओ को निर्देश दिया। समय पर कार्रवाई नहीं होने के पीछे क्या कारण यह बात भी उन्होंने जांच प्रतिवेदन में उल्लेख करने को कहा। सड़क जाम पर सभी थानेदार को अलर्ट रहने को कहा। सोशल मीडिया पर अनावश्यक रूप से आपत्तिजनक मैसेज भेजने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई करने की बात कही। वाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर सहित वेबसाइट पर पुलिस को पैनी नजर रखने को कहा। ईद के मौके पर सामाजिक सौहार्द बना रहे इसे लेकर कई टिप्स दिए। बाजार व एटीएम पर पुलिस की तैनाती और रात्रि में गश्ती दल सड़क पर दिखे इसका ख्याल रखने को कहा। बड़े अपराधियों को गिरफ्तार करने व संपत्ति कुर्क करने के साथ बैंक खाते को सील करने की बात कही ताकि, अपराधी जमानत नहीं करा पाए। शराब की बरामदगी व धंधेबाजों की गिरफ्तारी पर उन्होंने विशेष निर्देश दिया। बैठक के दौरान उन्होंने कई थाने की गाड़ी को चेक किया। कहा कि गाड़ी ठीक रहने पर अपराधियों को पकड़ा जा सकता है। बैठक में सदर एसडीपीओ अनोज कुमार, मुख्याल्य के पीके सिन्हा, बेनीपुर के उमेश्वर चौधरी, बिरौल के दिलीप झा सहित सभी इंस्पेक्टर व थानेदार उपस्थित थे।

